पूरे प्रकरण की तलब की रिपोर्ट, जुटाई प्रगति की जानकारी
अगस्त माह से लापता है मैनाकोट का यशपाल
पीलीभीत। इक्कीस अगस्त से लापता चल रहे मैनाकोट गांव निवासी यशपाल के अपहरण की गुत्थी सुलझाने में पुलिस के पसीने छूट गए हैं। न्यूरिया पुलिस के बाद क्राइम ब्रांच भी कोई सुरागरसी करने में सफल नहीं हो सकी है। उधर परिवार वाले लगातार पुलिस पर कार्रवाई ठंडे बस्ते में डालने का आरोप लगा रहे है। ऐसे में अब गुत्थी को सुलझाने के लिए खुद एसपी कलानिधि नैथानी ने कमान संभाली है। प्रकरण से जुड़े समस्त अभिलेख तलब कर अब तक हुई कार्रवाई की जानकारी जुटा अग्रिम कार्रवाई का रुख तय किया जा रहा है।
माधाटांडा थाना क्षेत्र के मैनाकोट गांव निवासी यशपाल को 21 अगस्त की सुबह गांव के दो युवक अपने साथ ले गए थे। इसके बाद से उसका कोई सुराग नहीं लग सका है। लापता युवक की पत्नी मनदीप कौर की ओर से एसपी के निर्देश पर न्यूरिया थाना पर अपहरण की रिपोर्ट दर्ज की गई। काफी समय बीतने पर भी कोई प्रगति न होने पर विवेचना क्राइम ब्रांच को दी गई, लेकिन नतीजा सिफर रहा। परिवार वाले लगातार पुलिस की शिकायतें उच्चाधिकारियों से कर कार्रवाई ठंडे बस्ते में डालने का आरोप लगा रहे हैं। आरोप-प्रत्यारोप के बीच यशपाल के अपहरण का मामला अनसुलझा है। एसपी कलानिधि नैथानी ने बताया कि परे मामले की रिपोर्ट तलब कर जानकारी की जा रही है। इसकी मानीटरिंग अब वह स्वयं करेंगे और जल्द अपहरण कांड का वर्कआउट कराया जाएगा।