पीलीभीत। ट्रैक्टर खरीद की उधारी के 25 हजार रुपये वापस मांगने पर दबंग ने व्यापारी को कई दिनों तक चक्कर लगवाए। इसके बाद जब पीड़ित ने तगादा शुरू किया तो उससे मारपीट की और जान से मारने की धमकी देकर भगा दिया। पीड़ित व्यापारी ने एसपी को दुखड़ा सुनाकर आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई कराने की मांग की है।
सुनगढ़ी क्षेत्र के वसुंधरा कॉलोनी निवासी गुरमीत सिंह ने बताया कि उसकी आसाम चौराहा के पास ट्रैक्टर की एजेंसी है। रिछौला चौकी क्षेत्र के एक युवक ने उससे मार्च माह में एक ट्रैक्टर 6.60 लाख रुपये में क्रय किया था। इसके समस्त कागजात उसी वक्त उसको दे दिए गए। इस दौरान 25 हजार रुपये उधार किए गए थे। जिनको जल्द चुकता करने की बात कही गई। आरोप है कि कई दिनों तक आरोपी रुपये को लेकर टालमटोल करता रहा। पांच जुलाई को उधारी के रुपये वापस करने को दबाव बनाया तो आरोपी गुंडई पर उतारू हो गया। मारपीट कर जान से मारने की धमकी देकर भगा दिया। पीड़ित ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग एसपी से की है।