लखीमपुर खीरी/निघासन। क्षेत्र के गांव बेलवापुरवा प्राथमिक स्कूल में गैस सिलेंडर से आग लग गई। आग लगने से स्कूल में भगदड़ मच गई। सूचना पर पहुंची यूपी 100 पुलिस ने किसी तरह आग पर काबू पाया। बेलवापुरवा प्राथमिक स्कूल में सुबह करीब नौ बजे रसोइया एमडीएम बना रही थी। अचानक गैस सिलेंडर में लीकेज होने के कारण आग लग गई और गैस चूल्हा जलने लगा। आग लगने से स्कूल में पढ़ रहे बच्चे शोर मचाते हुए भागने लगे। प्रधानाध्यापिका सुनीता तिवारी ने स्कूल से भागकर यूपी 100 को सूचना दी। मौके पर पहुंचे सिपाहियों ने सिलेंडर को किसी तरह से निकालकर रसोई से बाहर फेंका। रसोइयों का आरोप है कि कई दिनों से सिलेंडर लीक कर रहा था। शिकायत के बाद भी उसे नहीं बदला गया।