खेकड़ा (बागपत)।
गरीब लोगों को लाभान्वित करने के लिए सरकार द्वारा संचालित उज्ज्वला योजना को धता बताकर गैस एजेंसी के कर्मचारी अवैध उगाही करने में जुटे हैं। क्षेत्र के ग्राम डूंडाहैडा में कनेक्शन बांट रहे कर्मचारियों को ग्रामीणों ने अवैध उगाही करने के चलते रंगे हाथों दबोचा लिया। कर्मचारियों के रुपये लौटाने पर ग्रामीणों ने उन्हें चेतावनी देकर छोड़ दिया।
गरीब लोगों को लाभान्वित करने के लिए केंद्र सरकार द्वारा संचालित उज्ज्वला योजना के नाम पर गैस एजेंसी के कर्मचारी लोगों से जमकर अवैध उगाही करने में जुटे हैं। हाइवे स्थित एक गैस एजेंसी के कर्मचारी बुधवार को क्षेत्र के ग्राम डूंडाहैडा में ग्रामीणों को उज्ज्वला योजना के तहत निशुल्क बांटे जा रहे घरेलू गैस कनेक्शन वितरित करने पहुंचे। वहां उन्होंने गांव में ग्रामीणों से कनेक्शन देने के नाम पर साढ़े तीन सौ रुपये ऐंठ लिए। इसकी चर्चा लोगों में फैल गई। नाराज लोगों ने कनेक्शन बांट रहे दोनों कर्मचारियों को बंधक बना लिया। ग्रामीणों द्वारा पूछताछ करने पर उन्होंने बताया कि साढे़ तीन सौ रुपये में से उन्हें प्रत्येक कनेक्शन पर केवल 100 रुपये दिए जाते हैं, बाकी के रुपये एजेंसी के अन्य कर्मचारी लेते हैं। उनका काम गांवों से कनेक्शन के फार्म एकत्रित करना होता है। उन्होंने बताया कि इससे पहले भी वह ग्रामीणों से रुपये वसूल चुके हैं। आक्रोशित ग्रामीणों ने उन्हें जमकर खरी खोटी सुनाई। कर्मचारियों के रुपये लौटने पर ग्रामीणों ने उन्हें भविष्य में ऐसी गलती न करने की चेतावनी देकर छोड़ दिया। एजेंसी की सेल्स अधिकारी मीनाक्षी ने कहा इस तरह की कोई भी शिकायत उन्हें मिलेगी तो वह दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेंगी।