वनकर्मियों के खिलाफ पुलिस को दी तहरीर
जमुनिया/माधोटांडा। बराही रेंज में लकड़ी काटने के मामले में वांछित चल रहे ग्राम पिपरिया संतोष निवासी फूलचंद्र को रविवार शाम खेत पर सिंचाई करते समय वनकर्मियों ने पकड़ लिया। इसके विरोध में सोमवार सुबह ट्रॉली में भरकर ग्रामीण माधोटांडा थाने पहुंचे। फूलचंद्र की पत्नी ने पुलिस को तहरीर देकर वनकर्मियों पर अपने पति को गायब करने का आरोप लगाया है। उधर, वन विभाग ने पकड़े गए फूलचंद्र को जेल भेज दिया।
माधोटांडा थाना क्षेत्र के गांव पिपरिया संतोष निवासी फूलचंद्र पर लकड़ी कटान के छह मामले दर्ज हैं। इसमें करीब 15 दिन पूर्व बराही रेंज के कंपार्टमेंट 664ए और बी में हुए कटान में भी उसके नाम विभागीय केस काटा गया था। फरार होने के चलते वनकर्मी उसकी तलाश में जुटे थे। रविवार को मुखबिर से सूचना मिलने पर बराही रेंज की टीम ने गांव के किनारे खेत पर धावा बोलकर गेहूं के खेत में सिंचाई कर रहे फूलचंद्र को पकड़ लिया। इस दौरान साथ में काम कर रहे लोगों ने जब वनकर्मियों से इसकी जानकारी करनी चाही तो उन्हें कुछ नहीं बताया गया। सोमवार को वन विभाग ने फूलचंद्र के खिलाफ लिखा पढ़ी कर जेल भेज दिया। उधर, सुबह तक फूलचंद्र के वापस न पहुंचने पर पूरे गांव में इसकी चर्चा हो गई और ट्रैक्टर-ट्रॉली में भरकर बड़ी संख्या में किसान माधोटांडा थाने पहुंचे और वनकर्मियों पर फूलचंद्र को गायब करने का आरोप लगाया। इस बाबत फूलचंद्र की पत्नी बच्चो देवी की ओर से पुलिस को तहरीर भी दी गई। जिसमें आठ वनकर्मियों क्रमश: रावत, रामबहादुर, बाबूराम, रामकुमार, रंजीत, कंधईलाल, जगदीश, नत्थूलाल पर उसके पति को पकड़ लाने एवं कोई भी जानकारी न देने का आरोप लगाते हुए पति की बरामदगी कराने की मांग की है।
फूलचंद्र पर बराही में हाल में हुए कटान सहित छह मामले दर्ज हैं। कई दिनों से उसकी तलाश की जा रही है। बराही के कंपार्टमेंट 64ए में लकड़ी काटने के मामले में उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा गया हैै।
कैलाश बाबू, प्रभारी रेंजर बराही
पिपरिया संतोष के ग्रामीणों ने फूलचंद्र के न मिलने की तहरीर दी थी। इस पर वन विभाग से जानकारी मिलने पर उन्हें अवगत करा दिया गया है।
- इंद्र सिंह, एसएचओ, माधोटांडा