21 पीबीटीपी 11,12,13
मजदूर की लाठी से पीटकर हत्या, दो गिरफ्तार
क्रासर....
जिला अस्पताल में इलाज के दौरान हुई मौत
क्रासर....
कोतवाली क्षेत्र के चंदपुरा गांव की घटना
अमर उजाला ब्यूरो
बीसलपुर। मामूली विवाद पर चंदपुरा गांव में कुछ लोगों ने घर में घुसकर मजदूर की लाठी से जमकर पिटाई की। मजदूर को लहूलुहान करने के बाद आरोपी धमकी देकर भाग गए। घायल मजदूर को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी मौत हो गई। पुलिस ने बेटे से मिली तहरीर पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम कराया। मामले में दो आरोपियों की गिरफ्तारी की गई है।
कोतवाली क्षेत्र के चंदपुरा गांव निवासी 48 वर्षीय इकबाल हुसैन ईंट भट्ठेे पर मजदूरी करते थे। शुक्रवार शाम उनकी बकरी ने पड़ोसी जलालुद्दीन के मकान के गेट पर पेशाब कर दी। इससे गुस्सा कर जलालुद्दीन ने मजदूर से गालीगलौज शुरू कर दी। इसके बाद आरोपी अपने परिवार के अन्य सदस्यों को लेकर मजदूर के घर में घुसा और लाठी डंडे से हमला बोल दिया। सिर पर किए गए लाठी के वार से मजदूर इकबाल हुसैन गंभीर रुप से घायल हो गए। एक आरोपी पर परिवार की एक युवती से छेड़छाड़ का भी आरोप लगाया। चीखपुकार होने पर आसपास के काफी ग्रामीण जमा हो गए। इसके बाद आरोपी धमकी देकर भाग गए। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। इस पर कोतवाल माधो सिंह विष्ट पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। घायल को सीएचसी भर्ती कराया गया। यहां प्राथमिक इलाज के बाद घायल इकबाल को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां देर रात इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मृतक के बेटे कुर्बान हुसैन ने घटना की तहरीर पुलिस को दी। इसके आधार पर पुलिस ने जलालुद्दीन, सरफरोज, फिरोज, सहगल और शेर मोहम्मद के खिलाफ बलवा, घर में घुसकर मारपीट, छेड़छाड़ व हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है। घटना के बाद से मृतक के परिवार में चीखपुकार मची है। पत्नी मेहरूनिशां का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के दो बेटे कुर्बान, इरशाद और चार बेटी नरगिस, गुलनाज, काजल, नगमा हैं।
0000
बेटे से मिली तहरीर पर पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। मुख्य आरोपी जलालुद्दीन व उसके बेटे सरफरोज को गिरफ्तार कर चालान किया गया है। बकाया तीन आरोपियों की धरपकड़ का प्रयास किया जा रहा है। - माधो सिंह विष्ट, कोतवाल