शराब के साथ पकड़ा गया सेल्समैन
- फोटो : अमर उजाला
गजरौला (पीलीभीत)। चुनाव में बंदी का आदेश दरकिनार करते हुए एक सेल्समैन घर से ही शराब की बिक्री करने लगा। इतना ही नहीं निर्धारित दाम से अधिक पैसे वसूलकर लोगों को शराब मुहैया कराई जाने लगी। जैसे ही इस बात की सूचना गजरौला पुलिस को मिल छापा मारकर मौके से 714 पौवा बरामद किए। आरोपी भी पुलिस के हत्थे चढ़ गया। उसको थाने लाकर पूछताछ की गई। जिसके बाद आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
प्रशासन ने जिले में तीसरे चरण में 23 अप्रैल को होने वाले मतदान को लेकर रविवार शाम पांच बजे से शराब की दुकानें बंद करा दी गई थीं। इस बीच नदहा गांव निवासी देशी शराब की दुकान का सेल्समैन राजू अपने घर से शराब बेचने लगा। इसकी सूचना रात नौ बजे के बाद पुलिस तक पहुंच गई। जिसके बाद गजरौला इंस्पेक्टर बिरजाराम पुलिस बल के साथ गांव पहुंच गए और आरोपी के घर छापा मार दिया। यहां आरोपी राजू शराब की बिक्री करता पकड़ा गया। उसके पास से 714 पौवा देशी शराब बरामद हुई। जिसके बाद रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को थाने से ही जमानत दे दी गई।
शराब की दुकानों को नियमानुसार बंद कराया जा चुका है। इसके बावजूद एक सेल्समैन घर से शराब बेचता रहा। उसकी गिरफ्तारी कर शराब बरामद कर गजरौला में रिपोर्ट दर्ज की गई है। समस्त थाना प्रभारियों को अलर्ट कर दिया गया है, सख्त कार्रवाई की जाएगी। - रोहित मिश्र, एएसपी