लोन के एवज में बंधक बनाई गई जमीन से अधिक कुर्क करने का आरोप
पीलीभीत। लोन के एवज में बंधक रखी गई जमीन के अलावा अन्य टुकड़े को भी बैंक प्रबंधन ने कुर्क कर लिया। इसके बाद फर्जी अभिलेखों की मदद से एक अन्य व्यक्ति के नाम पर रजिस्ट्री करा दी गई। महिला की तहरीर पर एसपी के आदेश पर सुनगढ़ी पुलिस ने मामले में शाखा प्रबंधक एसबीआई समेत दो के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
सुनगढ़ी थाना क्षेत्र के पूरनमल मोहल्ले की निवासी संगीता कोकरा पत्नी स्वर्गीय नवीन कोकरा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उन्होंने नमकीन का व्यवसाय करने के लिए काफी समय पहले एसबीआई से 17.10 लाख रुपये का लोन लिया था। इसके एवज में अपनी मोहल्ला इनायतगंज स्थित जमीन बंधक रखी गई थी। 14 अप्रैल 2013 को उनके पति की मौत हो गई। जिसके बाद लोन जमा न होने पर बैंक की ओर से संपत्ति कुर्क कर ली गई। आरोप है कि बैंक के अफसरों ने उनकी 214.68 वर्ग मीटर जगह कुर्क करने के बजाए उनकी 443.15 वर्ग मीटर जगह को कुर्क कर लिया। इसके बाद एकता नगर निवासी सुखवंत सिंह द्वारा फर्जी अभिलेख बनाए गए। जिनकी मदद से पीड़िता की जमीन को बैंक प्रबंधक की ओर से सुखवंत सिंह के नाम पर रजिस्ट्री करा दी गई। थानाध्यक्ष रूम सिंह बघेल ने बताया कि एसपी के आदेश पर एसबीआई प्रबंधक व सुखवंत सिंह के खिलाफ धोखाधड़ी और अमानत में खयानत की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। पीड़ित पक्ष से उनके कागजात व बैंक से अन्य जानकारी जुटाई जाएगी। एसएसआई पुष्कर सिंह को इसमें लगाया गया है। इस पूरे मामले की जांच कर साक्ष्यों के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।