झूठ बोलकर बैंक से ले लिया 28 लाख लोन, अब फंसे
आरोपी पिता पुत्र के खिलाफ बैंक प्रबंधक ने दर्ज कराई रिपोर्ट
सुनगढ़ी थाना क्षेत्र के चिड़ियादाह गांव के हैं आरोपी
अमर उजाला ब्यूरो
पीलीभीत। मकान बनवाने की बात कहकर पिता-पुत्र ने स्टेट बैंक से पहले 16 लाख और फिर 12 लाख रुपये का होम लोन ले लिया। काफी समय बाद जब बैंक के अधिकारी मौके पर जांच करने गए तो किसी तरह का मकान निर्माण नहीं निकला। बैंक के शाखा प्रबंधक से मिली तहरीर पर सुनगढ़ी पुलिस ने पिता-पुत्र के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
भारतीय स्टेट बैंक की एलएच चीनी मिल शाखा के प्रबंधक ने सुनगढ़ी पुलिस को दी तहरीर में बताया कि चिडिय़ादाह गांव निवासी सोहनलाल ने मुड़िया पनई गांव स्थित अपने प्लाट पर मकान निर्माण के लिए 28 अप्रैल 2015 को बैंक से 16 लाख रुपये का होम लोन लिया था। इसकी अदायगी मासिक किश्तों के आधार पर की जानी थी। इसके बाद दुबारा उसके बेटे अतुल भास्कर ने 29 दिसंबर 2016 को पिता सोहनलाल के साथ संयुक्त रुप से 12 लाख रुपये का होम लोन ले लिया। इसकी अदायगी भी पूर्व में लिए गए लोन की तरह मासिक किश्तों में होनी थी। तीन फरवरी 2018 को दोपहर करीब दो बजे जब शाखा के कर्मचारी निर्माणाधीन मकान का निरीक्षण करने गए तो वहां पर किसी तरह का मकान निर्माण नहीं मिला। बैंक कर्मचारियों से जालसाजी कर आरोपियों ने लोन निकाल लिया है। सीओ सिटी धर्म सिंह मार्छाल ने बताया कि बैंक प्रबंधक से मिली तहरीर के आधार पर आरोपी पिता-पुत्र के खिलाफ धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज की गई है।