पुराने विवाद में दो पक्ष भिड़े, चार गिरफ्तार
पापुलर की लकड़ी के बंटवारे का चल रहा है विवाद
बरखेड़ा क्षेत्र के कोकिली गांव का मामला
अमर उजाला ब्यूरो
बरखेड़ा। पापुलर की लकड़ी के बंटवारे को लेकर चल रहे पुराने विवाद में कोकिली गांव में बुधवार शाम करीब सात बजे दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। गाली गलौज से शुरू हुए विवाद में दोनों ओर से लाठी डंडे चले। पुलिस ने मामले में चार लोगों को हिरासत में लिया है। दोनों ओर से दी गई तहरीर पर सात के खिलाफ क्रास रिपोर्ट दर्ज की गई है।
पुलिस को दी तहरीर में एक पक्ष से बृजेश कुमार मिश्र ने बताया कि उनका गांव के रवि, गौरव और विनोद मिश्र से पापुलर की लकड़ी के बंटवारे का विवाद काफी समय से है। बुधवार शाम को वह गांव में लगे ट्रांसफार्मर के पास अपने भाई संजीव व रिश्तेदार सियाराम के साथ खड़े थे। इस बीच आरोपी आए और गाली गलौज कर मारपीट करने लगे। भाई संजीव को काफी चोटें आईं। इधर, दूसरे पक्ष से मोहित मिश्र उर्फ रवि ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि पुराने विवाद को लेकर आरोपी असलहों से लैस होकर घर में घुस आए और गाली गलौज करने लगे। गाली देने से मना करने पर आरोपियों ने मारपीट की। थाना प्रभारी मनोज कुमार त्यागी ने बताया कि दोनों पक्षों से मिली तहरीर पर क्रास रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। एक पक्ष से रवि, गौरव मिश्र, विनोद मिश्र और दूसरी तरफ से बृजेश, संजीव, रज्जन और सियाराम आरोपी बनाए गए हैं। मामले में बुधवार सुबह भी दोनों पक्ष झगड़े थे, जिस पर उनका 151 में चालान किया गया था। जमानत पर आते ही उन्होंने दुबारा मारपीट कर दी। बृहस्पतिवार को प्रकरण में चार आरोपी रवि, बृजेश, संजीव और सियाराम का शांतिभंग की आशंका में चालान किया गया है।