नौकरी दिलाने के नाम पर ठगे 1.80 लाख
जालसाजी कर युवक को दे दिया फर्जी नियुक्ति पत्र, एक गिरफ्तार
सुनगढ़ी पुलिस ने तहरीर मिलने पर की कार्रवाई
अमर उजाला ब्यूरो
पीलीभीत। एफसीआई में नौकरी दिलाने के नाम पर एक साल पहले कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला मोहम्मद फारूख निवासी नीरज श्रीवास्तव से दो जालसाजों ने 1.80 लाख रुपये हड़प लिए। यही नहीं युवक को एक फर्जी नियुक्ति पत्र भी बनाकर दे दिया। जानकारी करने पर ठगी का पता लगने के बाद जब पीड़ित ने नौ फरवरी को आरोपी से अपना रुपया वापस मांगा तो उसको धमकी देकर भगा दिया। सुनगढ़ी पुलिस ने तहरीर मिलने पर सोमवार को नामजद रिपोर्ट दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस को दी तहरीर में नीरज श्रीवास्तव ने बताया कि उसकी मोहल्ला सुनगढ़ी निवासी दिपांशु शुक्ला और अमरिया के चंद्रसेन से पहचान थी। आरोपियों ने उसके बहनोई नवनीत नारायण की एफसीआई में नौकरी लगवाने की बात कही। इसके लिए एक साल पहले आरोपियों ने 1.80 लाख रुपये ले लिए। कई दिन टालमटोल के बाद जब दबाव बनाया गया तो छह माह पहले आरोपियों ने एक नियुक्ति पत्र बनवाकर दे दिया। इसकी जानकारी की गई तो पता लगा कि दिया गया नियुक्ति पत्र फर्जी है। ठगी का पता लगने पर नौ फरवरी को पीड़ित ने आरोपी के घर जाकर अपना दिया रुपया वापस मांगा। इस पर आरोप है कि दोनों आरोपियों ने रुपये वापस करने से इंकार कर दिया। इसके बाद मारपीट पर उतारू होकर धमकी दे डाली। दोनों आरोपियों के खिलाफ रविवार को नामजद तहरीर देकर पीड़ित ने कार्रवाई की मांग की। सुनगढ़ी पुलिस ने तहरीर के आधार पर नामजद रिपोर्ट दर्ज कर ली हैै। आरोपी दिपांशु को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। दूसरा आरोपी पकड़ में नहीं आ सका है।