बेनी चौधरी में सीओ ने की छापामारी, पांच पकड़े
प्लाट में जुआ खेलने की शिकायत पर हुई कार्रवाई
कोतवाली पुलिस पर लगाया गया था मिलीभगत का आरोप
अमर उजाला ब्यूरो
पीलीभीत। जुए की शिकायत पर बुधवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे सीओ सिटी ने भारी पुलिस बल के साथ मोहल्ला बेनी चौधरी स्थित एक प्लाट पर छापामारी की। यहां से पांच युवकों की धरपकड़ की गई है, जिनको कोतवाली पुलिस के सुपुर्द कर कार्रवाई के निर्देश दिए है। अचानक भारी पुलिस बल की छापमार कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मचा रहा।
पिछले कई दिनों से एसपी कलानिधि को शिकायत मिल रही थी कि कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला बेनी चौधरी स्थित एक प्लाट पर जुआ खेला जाता है। यहां पर सुबह आठ बजे से लेकर शाम छह बजे तक जुआरियों का जमावड़ा रहता है। उनको हटाने की कोशिश करने पर जुआ खेलने वाले युवक झगड़ा फसाद करते हैं। शिकायत में कोतवाली पुलिस पर मिलीभगत का आरोप लगाते हुए कार्रवाई गुपचुप तरीके से कराने की मांग की गई थी। एसपी के निर्देश पर बुधवार को सीओ सिटी धर्म सिंह मार्छाल ने कार्रवाई की। सीओ कोतवाली पहुंचे और वहीं पर क्यूआरटी को भी बुला लिया। इसके बाद कोतवाली पुलिस को साथ लेकर बिना कोई जानकारी दिए अचानक बताए गए प्लाट पर दबिश दी। यहां से पुलिस ने पांच युवकों को धर दबोचा। प्लाट पर मौजूद कई युवक भाग निकले। पकड़े गए युवकों को कोतवाली लाया गया। एसएसआई एके सिंह ने बताया कि जुआ खेलने के आरोप में पांच युवकों को पकड़ा गया है। उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।