पूरनपुर (पीलीभीत)। लूट के आरोपियों को पकड़ने गई हजारा पुलिस की टीम को आरोपियों के पक्ष में जमा हुए लोगों ने घेर लिया और हमलाकर मारपीट की। पुलिस वाले जान बचाकर भागे तो भीड़ ने पथराव कर दिया। इसमें दो सिपाही घायल हो गए। पुलिस वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गया। भीड़ ने हिरासत में लिए गए आरोपियों को भी छुड़ा लिया। पुलिस कर्मियों ने जैसे-तैसे मौके से भागकर खुद को बचाया। इंस्पेक्टर हजारा खीम सिंह जलाल की ओर से जानलेवा हमला और बलवा की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है, जिसमें पांच लोग नामजद हैं। हालांकि अभी किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
माधोटांडा थाना क्षेत्र के रमनगरा गांव निवासी गुरदास रविवार को गेहूं बिक्री करने के लिए हजारा थाना क्षेत्र में जा रहे थे। इस बीच उनको रास्ते में रोककर कुछ लोगों ने मोबाइल और नकदी लूट ली थी। इसकी तहरीर मिलने पर हजारा पुलिस ने बाजारघाट निवासी गुरदयाल सिंह, सुक्खा सिंह, गोविंदा के खिलाफ लूट और धमकाने की नामजद रिपोर्ट दर्ज की थी। इस मामले में सोमवार शाम पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए बाजारघाट गांव जाकर दबिश दी। घर से तीनों आरोपियों को दबोचने के बाद पुलिस उनको गाड़ी में बैठा रही थी, तभी विरोध शुरू हो गया। कुछ ही मिनट में लोगों की भीड़ जमा हो गई और पुलिसकर्मियों को घेर लिया। उन्होंने पुलिस कर्मियों से मारपीट कर पकड़े गए तीनों आरोपियों को छुड़ा लिया। पुलिस खुद का बचाव कर पाती, इससे पहले ही भीड़ ने पथराव कर दिया गया । इसमें पुलिस की गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई। कांस्टेबल रहेबिन सिंह और सूबेराम नागर घायल हो गए। किसी तरह पुलिस ने भागकर खुद को बचाया।
कांस्टेबिल सूबेराम का सीएचसी में मंगलवार को मेडिकल परीक्षण कराया गया। इसके बाद आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गई। इंस्पेक्टर हजारा खीम सिंह जलाल की ओर से बाजारगंज निवासी रतन सिंह, सुक्खा सिंह, गोदी, संतो कौर, रतन सिंह की बेटी और एक अज्ञात के खिलाफ बलवा, सरकारी कार्य में बाधा, गाली-गलौज, पथराव, सरकारी संपत्ति को क्षति पहुंचाने की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। मामले की विवेचना पूरनपुर कोतवाल केशव कुमार तिवारी करेंगे।
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश देने गई हजारा पुलिस को आरोपी के परिवार के लोगों ने घेरकर मारपीट की थी। इस मामले में हजारा थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई है। अभी कोई आरोपी गिरफ्तार नहीं हुआ है। मामले में सख्त कार्रवाई कराई जाएगी। - रोहित मिश्र, एएसपी