रिश्तेदार को बचाने पहुंचे मीडियाकर्मी पर हमला
तमंचे से फायर और लूट का भी आरोप
अमर उजाला ब्यूरो
बीसलपुर। रिश्तेदार से हो रही मारपीट की जानकारी लगने पर बृहस्पतिवार रात मोहल्ला बख्तावरलाल के एक गैराज में बीच बचाव कराने पहुंचे दो मीडिया कर्मियों पर जानलेवा हमला बोल दिया गया। तमंचे किया गया फायर मिस होने के बाद दोनों की जमकर पिटाई की गई। इसके बाद सोने की चेन व अंगूठी लूटने का आरोप है। कोतवाली पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर घायलों का मेडिकल कराया है।
शिवाजी नगर के रहने वाले दो भाई सत्येंद्र गंगवार व जितेंद्र गंगवार ने बताया कि वह न्यूज चैनल में काम करते हैं। बृहस्पतिवार रात करीब आठ बजे उनको जानकारी मिली कि उनके रिश्तेदार प्रदीप गंगवार से मोहल्ला बख्तावर लाल स्थित एक गैराज पर कुछ लोग मारपीट कर रहे हैं। इस पर दोनों मौके पर पहुंच गए और बीच बचाव कराने लगे। आरोप है कि इस बीच आरोपियों ने दोनों को धारदार हथियार से वार कर घायल कर दिया। एक आरोपी ने तमंचे से उन पर फायर किया, लेकिन वह मिस हो गया। इसके बाद मारपीट करते हुए आरोपी सत्येंद्र का मोबाइल, प्रदीप की सोने की अंगूठी व जितेंद्र की सोने की चेन लूट ली। भीड़ जमा होने पर आरोपी धमकी देते हुए फरार हो गए। पुलिस ने घायलों का मेडिकल कराया गया। रात में ही एसपी कलानिधि नैथानी ने सीओ बीसलपुर प्रवीण मलिक, कोतवाल मनोज त्यागी को मौके पर जाकर कार्रवाई के निर्देश दिए। एसपी कलानिधि नैथानी ने बताया कि बताया कि आरोपी अमन जायसवाल उर्फ निक्की, विनोद ठाकुर, विक्रम जायसवाल, नितिन ठाकुर, शानू जायसवाल और अवनीश शुक्ला के खिलाफ बलवा, जानलेवा हमला, लूट आदि धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है।