पीलीभीत। फीस जमा न होने पर बार-बार स्कूल से भगाए जाने से आहत होकर छात्र के आत्महत्या करने के मामले में एसपी की सख्ती के बाद कानूनी कार्रवाई की गई। सीओ पूरनपुर ने मौके पर जाकर मामले की जांच की। इसके बाद दरोगा की ओर से प्रबंधक और स्कूल कमेटी के खिलाफ आत्महत्या को विवश करने का मुकदमा दर्ज किया गया है।
हजारा क्षेत्र के गांधी नगर गांव निवासी 14 वर्षीय रॉबिन ने सोमवार की सुबह घर के पास स्थित लीची के पेड़ पर रस्सी का फंदा बना आत्महत्या कर ली थी। परिवार वालों ने पुलिस को सूचना दिए बिना शव का अंतिम संस्कार कर दिया। मां लता सिंह ने आरोप लगाया कि छह माह से उसकी स्कूल फीस जमा नहीं हो सकी थी। इसको लेकर स्कूल स्टाफ उसको बार बार घर भेज दे रहा था। इसी प्रताड़ना से आहत होकर मां ने बेटे के आत्महत्या करने की बात कही। देर शाम मामला संज्ञान में आने पर एसपी कलानिधि नैथानी ने सख्ती की। सीओ पूरनपुर अनुराग दर्शन को गांव जाकर पूरे मामले की जांच के निर्देश दिए। इसके बाद रात में ही सीओ गांव पहुंचे और पीड़ित परिवार व ग्रामीणों से जानकारी की। जिसमें स्कूल फीस के दबाव को लेकर ही आत्महत्या करने की बात सामने आई। मां ने भी इसको लिखकर पुलिस को दे दिया। जिसके बाद कानूनी कार्रवाई करते हुए दरोगा अनुज शर्मा की ओर से अमन चिल्ड्रन स्कूल के प्रबंधक अवधेश कुमार सिंह व स्कूल कमेटी के खिलाफ आत्महत्या को विवश करने का मुकदमा दर्ज किया है।