खेकड़ा (बागपत)।
क्षेत्र के बड़ागांव में विवाहिता के मायके और ससुरालियों के बीच हुई मारपीट में विवाहिता और उसकी मां घायल हो गई। घायल मां बेटी ने ससुराल पक्ष के लोगों के खिलाफ थाने में तहरीर दी।
बड़ौत क्षेत्र के ग्राम एलम निवासी एक युवती की शादी खेकड़ा क्षेत्र के बड़ागांव निवासी एक युवक के साथ विगत एक वर्ष पूर्व हुई । विवाहिता के परिजनों ने ससुरालियों को दान दहेज दिया, लेकिन इसके बाद भी शादी के कुछ दिन बाद से ही मनमुटाव के चलते विवाहिता का पति उसके साथ आए दिन मारपीट करता और दहेज में मायके से कार लाने की मांग करता है। रविवार को विवाहिता के ससुराल पक्ष के लोगों ने दहेज में कार लाने की मांग पूरी न होने के चलते मारपीट कर दी। मारपीट के बाद विवाहिता ने मायके में फोन कर मारपीट की घटना की जानकारी दी।
सूचना मिलने पर विवाहिता की मां बड़ागांव पहुंची। वहां विवाहिता की मां एवं ससुराल पक्ष के लोगों के बीच हुई कहासुनी मारपीट में बदल गई। ससुरालियों ने विवाहिता व उसकी मां को मारपीट कर घायल कर दिया। आसपास के लोगों ने हस्तक्षेप कर मारपीट बंद कराई। इसके बाद घायल मां बेटी खेकड़ा थाने में पहुंची। वहां उन्होंने ससुराल पक्ष के लोगों के खिलाफ दहेज की मांग को लेकर मारपीट कर घायल करने का आरोप लगाकर नामजद तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर लेकर दोनों घायलों का सीएचसी में इलाज कराया। पुलिस ने घायल मां बेटी की तहरीर लेकर जांच शुरू कर दी। थानाप्रभारी उमेश रोरिया का कहना है कि मामले की जांच कराई जा रही है।