खेकड़ा (बागपत)।
फखरपुर मार्ग पर कार सवार हथियारबंद तीन बदमाशों ने बड़ौत क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति से कार लूट ली। काफी समय तक लूट के घटना स्थल को लेकर ट्रोनिका सिटी और खेकड़ा थाने की पुलिस उलझी रही। बाद में खेकड़ा पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की।
बड़ौत क्षेत्र के अर्जुनपुर निवासी विनीत तोमर पुत्र कृष्णपाल दिल्ली से स्विफ्ट डिजायर कार में सवार होकर मंडोला की ओर से जब ग्राम फखरपुर की तरफ जा रहा था। इसी दौरान मंडोला से कुछ आगे जाते ही एक कार में सवार हथियार बंद तीन बदमाशों ने ओवरटेक करके कार रुकवा ली और बड़ौत निवासी विनीत तोमर से उसकी कार लूटकर कर भाग गए। लूट के बाद पीड़ित मंडोला के समीप ट्रोनिका सिटी चौकी में पहुंचा। वहां मौजूद पुलिस वालों ने उन्होंने घटना स्थल खेकड़ा क्षेत्र का बताकर खेकड़ा थाने भेजा। सूचना मिलने पर पुलिस भी पहुंच गई। काफी देर तक सीमा विवाद में दोनों थानों की पुलिस उलझी रही। आखिरकार मामला खेकड़ा थाने पर ही दर्ज हुआ। इसमें विनीत की तहरीर पर पुलिस ने कार चोरी का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरूकर दी। थाना प्रभारी ने कहा जल्द ही मामले का खुलासा होगा।