पीलीभीत। दीवार फांदकर घर में घुस नकदी-जेवरात चोरी कर भाग रहे मोहल्ले के ही एक युवक को आहट पर जागे परिवार वालों ने धर दबोचा। उसके पास से चोरी का सामान भी बरामद हुआ। कोतवाली पुलिस ने पीड़ित से तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी का चालान कर दिया है।
मोहल्ला खैरूल्लाशाह के निवासी गुलजार पुत्र मोहम्मद नवी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके एक रिश्तेदार की शादी है। इसको लेकर घर पर कई मेहमान आए हुए हैं। दिल्ली के शास्त्री नगर से बहन नाजिया भी आई हुई है। सोमवार रात परिवार के सदस्य सो रहे थे। इस बीच मोहल्ले का ही सलमान घर में घुस आया। आरोप है कि कमरे में घुसकर सोने का हार, बुंदे और नकदी चोरी कर ली। इसको लेकर आरोपी भाग रहा था कि आहट पर परिवार वाले जाग गए और आरोपी को पकड़ लिया। उसके पास से चोरी किया सामान भी बरामद हो गया। इसकी सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जानकारी जुटाई। इंस्पेक्टर कोतवाली बृज किशोर मिश्रा ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी सलमान के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। उसका पूछताछ के बाद मंगलवार को चालान कर दिया है। आरोपी पहले भी चोरी के मामलों में जेल जा चुका है।