लकड़ी से भरी ट्राली पुलिस ने पकड़ी
ट्राली पलटने पर पुलिस को लगी भनक, एक गिरफ्तार
10 पीबीटीपी 19
अमर उजाला ब्यूरो
जोगराजपुर। सेहरामऊ उत्तरी पुलिस ने सूचना पर पलटी पड़ी सागौन की लकड़ी से भरी ट्राली को कब्जे में लेकर शाहजहांपुर के थाना खुटार के गांव महुआ पिगई निवासी नेतराम को गिरफ्तार किया है। लकड़ी कहां से काटकर लाई गई, इसकी जानकारी पुलिस आरोपियों से नहीं कर सकी है। हालांकि पुलिस का कहना है कि लकड़ी को जंगल से काटकर लाया गया है। इसकी जांच की जा रही है। पुलिस ने नेतराम और उसके साथ हरिश्चंद्र और एक अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
शनिवार को सेहरामऊ उत्तरी थाना क्षेत्र के गांव नेतापुर के समीप सागौन से भरी ट्राली पलटी पड़े होने की सूचना पर एसएसआई संजय सिंह ने पुलिस टीम के साथ पहुंचे। भनक पर ट्रैक्टर लेकर दो आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने ट्राली और लकड़ी को कब्जे में लेकर शाहजहांपुर के थाना खुटार के गांव महुआ पिगई निवासी नेतराम को गिरफ्तार किया है। थाना पुलिस ने एसएसआई संजय सिंह की ओर से नेतराम उसके साथी हरिश्चंद्र और एक अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। एसएसआई संजय ने बताया कि ट्राली में सागौन की लकड़ी के मोटे-मोटे अट्ठारह लट्ठे बरामद किए गए। मौके पर नेतराम लकड़ी को लेकर कोई अभिलेख नहीं दिखा सका। साथ ही बताया कि उसके दोनों साथी ट्रैक्टर में आई खराबी को सही कराने गए है। एसओ राजकुमार भारद्वाज ने बताया कि लकड़ी हरी है। प्रथम दृष्टया जांच में लकड़ी को जंगल से काटकर लाया जाना पाया गया है। लकड़ी किस जंगल से काटकर लाई गई है, इसकी जांच करवाई जा रही है।
----