चोरों ने दुकान से उड़ाया लाखों का माल
अमर उजाला ब्यूरो
बीसलपुर।
दियोरिया कोतवाली क्षेत्र के कस्बा मधवापुर में चोरों ने रविवार की रात सराफ की एक दुकान से लाखों का माल उड़ा लिया। पुलिस ने अज्ञात चोरों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
बीसलपुर नगर के मोहल्ला बख्ताबरलाल निवासी रमेश चंद्र गुप्ता ने बताया कि दियोरिया कोतवाली क्षेत्र के कस्बा आठ मधवापुर में उनकी आभूषण और बर्तन की संयुक्त दुकान है। रविवार की रात किसी समय अज्ञात चोरों ने रोशनदान की ग्रिल तोड़कर दुकान के भीतर प्रवेश किया। चोरों ने दुकान के भीतर रखी दोनों सेफों के ताले तोड़कर ढाई हजार रुपये और काफी जेवर चुरा लिया। चोरों ने दुकान से कुछ कीमती बर्तन भी चुरा लिए। कीमती सामान खोजने के प्रयास में काफी सामान बिखेर दिया। रमेश चंद्र सोमवार को सुबह जब रोज की तरह दुकान पर पहुुंचे, तब उन्हें चोरी की जानकारी हुई। यह बात पूरे कस्बे में जरा देर में फैल गई और मौके पर काफी भीड़ लग गई। सूचना मिलने पर सीओ प्रवीन मलिक दियोरिया पुलिस को लेकर घटनास्थल पर पहुुंचे। सीओ ने दुकानदार से चोरी की पूरी जानकारी ली। रमेश चंद्र ने कोतवाली में अज्ञात चोरों के विरुद्ध तहरीर दी है।
कोतवाली के एसएसआई पान सिंह ने बताया कि रमेश चंद्र की तहरीर पर अज्ञात चोरों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। रिपोर्ट के अनुसार चोरी गए माल की कीमत लगभग चार लाख रुपये है। चोरी की इस घटना से मधवापुर कस्बे के दुकानदारों में दहशत फैल गई है।