डांग स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा से रुपये निकालकर वापस लौट रहे अमरिया ब्लॉक के सफाई कर्मचारी प्रेमपाल की बाइक को बदमाशों ने ओवरटेक कर रोक लिया और उसकी पिटाई कर 18 हजार की नगदी लूट ले गए। दिनदहाड़े हुई वारदात से पीड़ित दंग रह गया। वहीं अब पुलिस घटना की रिपोर्ट लिखने में आनाकानी कर रही है।
कसबा अमरिया में रह रहे प्रेमपाल ने बताया कि वह अमरिया ब्लॉक में सफाई कर्मचारी है। सोमवार की सुबह वह बाइक से डांग स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा शाखा से रुपये निकालने आया। वह 17, 500 रुपये निकालकर वापस जा रहा था। गांव अंडौली के पास पीछे से बाइक से आए दो बदमाशों ने ओवरटेक कर उसकी बाइक रोक ली और पिटाई कर तमंचे के बल पर बैंक से निकाले गए 17, 500 रुपये और जेब में रखे 500 रुपये लूटकर भाग निकले।
सरेराह दिनदहाड़े हुई वारदात से वह दंग रह गया। पीड़ित ने बताया कि उसने पुलिस को घटना की तहरीर दी, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की है। एसएसआई मनोज सागर ने बताया कि तहरीर मिली है। जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।