बीसलपुर (पीलीभीत)। गन्ना विभाग के अधिकारियों ने रिपोर्ट दर्ज होने के बाद बरेली के गन्ना माफिया के सभी 51 सट्टे बंद कर दिए हैं। माफिया के बकाया गन्ना मूल्य भुगतान पर भी रोक लगा दी गई है।
सहकारी गन्ना विकास समिति के सचिव आरपी कुशवाहा ने बताया कि बरेली के थाना नवाबगंज के गांव बढ़ेपुरा निवासी देवेंद्र कुमार काफी दिनों से दियोहना गन्ना क्रय केंद्र पर किसानों का गन्ना सस्ते दामों पर खरीद रहा था। देवेंद्र ने कई गांवों के 51 किसानों के गन्ने के सट्टे बनवाकर उनके खाते पीलीभीत की एक बैंक में खुलवा दिए थे। उनके एटीएम भी जारी करा लिए थे। माफिया इन किसानों के नाम से गन्ने की पर्चियां जारी करा लेता था। जरूरतमंद किसानों का कम कीमत पर खरीदा गया गन्ना दियोहना सेंटर पर तुलवा देता था। बाद में एटीएम से किसानों के खाते से रुपये निकाल लेता था। मामला संज्ञान में आने पर सचिव ने तीन दिन पहले देवेंद्र के विरुद्ध कोतवाली में धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। सचिव ने बताया कि अब देवेंद्र के सभी 51 सट्टों को लॉक कर दिया गया है। भुगतान पर भी रोक लगा दी गई है।