तहरीर पर सुनगढ़ी पुलिस ने दर्ज की रिपोर्ट
पीलीभीत। रामलीला रेलवे क्रासिंग पर 27 नवंबर की दोपहर सीडीओ के गनर रविंद्र कुमार से गाली गलौज करने वाले युवक पर कानूनी कार्रवाई की गई है। बुधवार को घटना की तहरीर मिलने पर सुनगढ़ी पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस को दी तहरीर में रविंद्र कुमार ने बताया कि 27 नवंबर को सीडीओ डॉ. दिनेश कुमार सिंह उदय करनपुर (पूरनपुर) गांव में निरीक्षण करने जा रहे थे। रामलीला रेलवे क्रासिंग पर फाटक बंद पर गाड़ी रोक खड़े हुए थे। आरोप है कि इस बीच एक बाइक सवार ने गाली गलौज शुरू कर दी। गाली देने से मना करने पर आरोपी पीड़ित से झगड़ने लगा और धमकी देना शुरू कर दिया। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच बचाव कर मामला शांत करा दिया। बुधवार सुबह सीडीओ के गनर ने पूरे हंगामे की ऑडियो रिकार्डिंग के साथ तहरीर सुनगढ़ी पुलिस को देकर कार्रवाई की मांग की। एसएचओ मोहम्मद कासिम ने बताया कि बुधवार देर शाम घटना की रिपोर्ट अज्ञात बाइक सवार के खिलाफ दर्ज की गई है।