प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खांडेपुर चौकीदार ने मंगलवार को शराब के नशे में धुत होकर और कपड़े उतारकर अस्पताल परिसर और पड़ोस की बस्ती में जाकर जमकर उत्पात मचाया। संबंधित अधिकारियों द्वारा सीएमओ को रिपोर्ट भेजकर आरोपी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई किए जाने की संस्तुति की है।
गांव खांडेपुर के पूर्व प्रधान शरदपाल सिंह ने बताया कि उनके गांव के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के चौकीदार ने मंगलवार को दोपहर ढाई बजे शराब के नशे में धुत होकर और कपड़े उतारकर अस्पताल परिसर और पड़ोस की बस्ती में जाकर जमकर उत्पात मचाया। अस्पताल परिसर में कर्मचारी द्वारा उत्पात मचाए जाने से हड़कंप मच गया और कुछ मरीज बिना दवाई लिए ही चले गए। चौकीदार द्वारा उत्पात मचाए जाने की बात पूरे गांव में जरा देर में आग की तरह फैल गई और मौके पर काफी भीड़ जमा हो गई। कुछ लोगों ने चौकीदार को समझाने का प्रयास किया तो चौकीदार ने उन लोगों से भी जमकर गाली गलौज किया। कुछ लोगों ने स्वास्थ्य विभाग के उच्चाधिकारियों से जब उसकी शिकायत करने की बात कही, तभी चौकीदार ने विभागीय उच्चाधिकारियों के लिए भी अपशब्दों का प्रयोग किया। चौकीदार ने करीब दो घंटे तक जमकर उत्पात मचाया। दो घंटे बाद जब चौकीदार का नशा उतर गया, तभी वह बीसलपुर चला आया। चौकीदार के जाने पर ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। इस बाबत पूछे जाने पर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खांडेपुर पर नियंत्रण रखने वाले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बीसलपुर के अधीक्षक डॉ. ठाकुरदास ने बताया कि चौकीदार द्वारा उत्पात मचाए जाने की बात सही है। सीएमओ डॉ. सीमा अग्रवाल को रिपोर्ट भेजकर आरोपी चौकीदार के खिलाफ कार्रवाई की संस्तुति की गई है।