पूरनपुर। ट्रक की टक्कर से बाइक सवार लखीमपुर खीरी के थाना भीरा के गांव हट्टी टांडा निवासी 20 वर्षीय राकेश कुमार की मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार उनका साला भीरा के गांव देवाटांडा निवासी 18 वर्षीय अमित घायल हो गया। उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
घटना असम हाईवे पर सेहरामऊ उत्तरी थाना क्षेत्र के कजरी गुरुद्वारा के पास रविवार दोपहर करीब दो बजे हुई। राकेश और अमित बाइक से क्षेत्र के गांव तकिया दीनारपुर में अपने रिश्तेदार कृष्ण सिंह के यहां उनके एक परिजन के अंतिम संस्कार में शामिल होकर लौट रहे थे। घायल अमित ने बताया कि बाइक राकेश चला रहे थे। कजरी गुरुद्वारे के पास सामने से अनियंत्रित गति से आ रहे ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में राकेश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अमित गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे सीएचसी लाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
अमित की रिश्ते की बहन से होनी थी राकेश की शादी
गांव तकिया दीनारपुर निवासी कृष्ण सिंह ने बताया कि राकेश की शादी उनकी एक रिश्तेदार की पुत्री से तय हो गई थी। राकेश की होने वाली पत्नी अमित की रिश्ते की बहन है। शादी नवंबर में होनी थी।