फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

एक ही समुदाय के दो पक्षों में विवाद, मारपीट और तोड़फोड़

विज्ञापन
विज्ञापन
पीलीभीत। एक दूसरे पर की जा रही छींटाकशी के बाद मोहल्ला पंजाबियान में एक ही समुदाय के दो पक्षों के बीच जमकर विवाद हुआ। दोनों ओर से एकत्र लोगों ने एक दूसरे पर हमला बोल दिया, जिससे भगदड़ मच गई। वाहनों में तोड़फोड़ की गई। एक पक्ष ने घर में घुसकर महिलाओं से छेड़छाड़ करने का भी आरोप लगाया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने सख्ती कर भीड़ को खदेड़ा। जिसके बाद घायलों का मेडिकल कराकर दोनों ओर से प्राप्त हुई कुल तीन तहरीरों पर रिपोर्ट दर्ज की गई।
विज्ञापन

एक पक्ष से मोहल्ला पंजाबियान निवासी नवाज सलीम ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि मंगलवार रात करीब सवा दस बजे वह नमाज पढ़कर घर लौट रहे थे। पंजाबियान चौराहे के पास पहुंचते ही मन्नू ने अपने साथियों संग उनको रोक लिया और मारपीट की। अभद्र धार्मिक टिप्पणी करने का भी आरोप लगाया। इसी पक्ष से मोहल्ला भूरे खां निवासी इकराम ने भी तहरीर दी। इसमें बताया कि रात साढ़े दस बजे जब वह मोहल्ला पंजाबियान की नूरी मस्जिद से नमाज पढ़कर निकले तो मन्नू और उसके परिवार के लोगों ने उनको घर में खींचकर पीटा। पुलिस के पहुंचने पर वह बमुश्किल बच सके।
इधर, दूसरे पक्ष से सुहेल रजा खां ने पुलिस को तहरीर दी। इसमें बताया कि मंगलवार रात सवा दस बजे वह नमाज पढ़कर घर आ रहे थे। इस बीच बाबू ने उनसे अपशब्द कहे। इसका विरोध करने पर मारपीट की। उसके साथ कई अन्य लोग भी थे। जान बचाने को जब वह अपने घर में घुस गए तो आरोपी 200 साथियों को लेकर घर में आ गया। यहां महिलाओं से छेड़छाड़, वाहनों में तोड़फोड़ करते हुए मारपीट की गई। जान से मारने की कोशिश की गई। आए दिन आतंकी कहकर अपमानित करने का आरोप भी लगाया है। पुलिस ने तीनों तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की। घायलों का मेडिकल परीक्षण कराकर अब जांच की जा रही है।
विज्ञापन


कोतवाली में ही भिड़ने लगे दोनों पक्ष
सड़क पर झगड़ रहे दोनों पक्षों को पुलिस कार्रवाई कराने के लिए तहरीर देने की बात कहकर कोतवाली ले आई। यहां दोनों पक्ष अलग-अलग बैठकर अपनी तहरीर लिखने लगे। इस बीच दोनों एक दूसरे को गलत ठहराना शुरू हुए जिसके बाद कोतवाली परिसर में ही उनके बीच दोबारा गाली गलौज होने लगी। हालांकि पुलिस ने सख्ती की तो दोनों शांत हो गए।

सीओ ने फोर्स संग भीड़ को दौड़ाया, दुकानें कराई बंद
दोनों पक्षों के घायलों को पुलिस ने मेडिकल परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। भीड़ को घर जाने के लिए कह दिया गया। इसके बावजूद लोग सड़क पर जमा हो गए। यह देख सीओ सिटी धर्म सिंह मार्छाल गुस्साए और फोर्स के साथ पैदल ही निकल पड़े। बेवजह खड़े लोगों को खदेड़ दिया। इस दौरान देर रात तक खुली दुकानों को भी बंद करवा दिया गया।

दोनों पक्षों को किया जाएगा मुचलका पाबंद
दोनों पक्षों के तल्ख तेवरों को देख पुलिस को उनके दोबारा झगड़ने का पूरा आभास रहा। जिसके चलते सीओ ने कोतवाली पुलिस को दोनों ओर से लोगों को चिह्नित कर मुचलका पाबंद कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

एक पक्ष को तरजीह देने पर महिलाओं ने पुलिस को टोका
दोनों पक्षों की तहरीर पर पुलिस मुकदमा दर्ज कर रही थी। इस बीच एक पक्ष से कुछ लोग सिफारिश लेकर पहुंच गए। पुलिस से बातचीत कर रहे थे कि दूसरे पक्ष ने इस पर सवाल खड़ा कर दिया। उनको तरजीह देने का आरोप लगाया, तो पुलिस भी सन्न रह गई। जिसके बाद सिफारिशी बनकर आए लोगों को भी कोतवाली से वापस भेज दिया गया।

घटना की सूचना मिलने पर सीओ सिटी को मौके पर भेज दिया गया था। घायलों का मेडिकल कराकर उनकी ओर से दी गई तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज करा दी गई है। जांच कराई जा रही है। गुंडई करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी।- मनोज कुमार सोनकर, एसपी
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें