पीलीभीत। घर से मजदूरी के लिए निकला युवक लापता हो गया। उसके वापस न आने पर परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। युवक की मां ने बिलसंडा के कुछ लोगों पर पुराने विवाद को लेकर बेटे को गायब करने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। इधर, पुलिस की जांच में मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है।
जहानाबाद थाना क्षेत्र के गौनेरीदान गांव निवासी बानो बेगम ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके पति कालेज खां की मौत हो चुकी है। 24 वर्षीय बेटा इदरीश खां मजदूरी करता है। रोज की तरह 25 मार्च की सुबह इदरीश मजदूरी के लिए पीलीभीत जाने की बात कहकर घर से निकला। इसके बाद से उसका कोई पता नहीं लग सका है। देर शाम तक बेटे के वापस न आने पर उसको तलाश किया, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। यह भी बताया कि एक दिन पूर्व बिलसंडा के पहाड़गंज इलाके रहने वाले कुछ युवक आकर इदरीश को धमकी दे गए थे। ऐसे में अनहोनी की आशंका जताते हुए कार्रवाई की मांग की गई। इंस्पेक्टर जहानाबाद कमल सिंह ने बताया कि मामले की जानकारी है, लेकिन अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है। मामले की अभी तक हुई पड़ताल में सामने आया है कि युवक का बिलसंडा की किसी महिला से संबंध था। उसको लेकर कुछ विवाद चल रहा है। जिसके चलते वह कहीं चला गया है। फिलहाल छानबीन कराई जा रही है। अगर कोई लिखित शिकायत मिलती है, तो गुमशुदगी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।