17 पीबीटीपी 18
रिटायर्ड फौजी के फार्म हाउस से डेढ़ लाख रुपये की चोरी
बरामदे में सोते रहे परिजन, नहीं लगी घटना की भनक
गजरौला थाना क्षेत्र के बिनौर फार्म की घटना
अमर उजाला ब्यूरो
गजरौला (पीलीभीत)। रिटायर्ड फौजी के मकान में छत के रास्ते दाखिल हुए चोर 30 हजार की नकदी-जेवरात समेत डेढ़ लाख रुपये का सामान समेट ले गए। खास बात रही कि फौजी और परिवार के अन्य सदस्य बरामदे में सोते रह गए। उनको घटना की भनक तक नहीं लगी। रात में जागने पर कमरे में बिखरा पड़ा सामान देख सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौका मुआयना कर जानकारी जुटाई, हालांकि कोई खास क्लू नहीं मिल सका है। घटना के बाद से क्षेत्रवासी चोरों को लेकर दहशतजदा हैं।
गजरौला थाना क्षेत्र के बिनौर फार्म निवासी रिटायर्ड फौजी जीत सिंह ने बताया कि सोमवार रात खाना खाने के बाद वह परिवार के अन्य सदस्यों संग फार्म हाउस के बरामदे में सो गए थे। देर रात चोर छत के रास्ते घर में प्रवेश कर गए। कमरे में अलमारी का लॉक खोलकर चोर 30 हजार रुपये, दो सोने की अंगूठी, टॉप्स, पायल समेत डेढ़ लाख का सामान समेट ले गए। रात ढाई बजे जागने पर परिजनों ने बिखरा पड़ा सामान देखा तो होश उड़ गए। इसकी सूचना एएसपी रोहित मिश्र को फोन पर दी गई। जिसके बाद गजरौला पुलिस ने मौका मुआयना कर औपचारिकता निभाई और जल्द खुलासे का रटारटाया बयान देकर चलती बनीं।
000
नहीं उठा यूपी 100 और थानाध्यक्ष का फोन
रिटायर्ड फौजी जीत सिंह ने बताया कि चोरी का पता लगने के बाद उन्होंने पहले यूपी 100 और फिर थानाध्यक्ष गजरौला के सीयूजी नंबर पर कॉल की थी, लेकिन दोनों ही कॉल रिसीव नहीं हुए। जिसके बाद उन्होंने एएसपी को सूचना दी। इसके बाद पुलिस हरकत में आई थी।
000
गुरुद्वारे के तार काट दिए थे चोरों ने
पीड़ित के फार्म हाउस के पास एक गुरुद्वारा है। घटना को अंजाम देने से पहले चोरों ने गुरुद्वारे के एनाउंसमेंट सिस्टम और बिजली के तारों को भी काट दिया था, ताकि किसी तरह का शोर न हो सके।
000
दो अन्य मकानों में भी हुआ था चोरी का प्रयास
बिनौर फार्म में के पास दो अन्य मकानों में भी चोरों ने दस्तक दी थी। जीत सिंह के पड़ोसी सुरेंद्र कौर के मकान की खिड़की की जाली काटी गई। हालांकि भीतर लगे ग्रिल को तोड़ने में चोर कामयाब नहीं हो सके। इसके अलावा रविंद्र सिंह ने बताया कि रात करीब 12 बजे उनके मकान में टार्च की रोशनी डाली गई। इस बीच परिवार के लोग जाग गए। बाहर जाकर आसपास तलाशा, लेकिन कोई दिखाई नहीं दिया।
000
सूचना मिलने पर गजरौला पुलिस को मौके पर भेजा गया था। मामले में तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। घटना का जल्द वर्कआउट किया जाएगा।
- रोहित मिश्र, एएसपी