खेकड़ा (बागपत)।
विद्युत निगम में तैनात एक जेई की उपभोक्ता से रिश्वत लेते हुए वीडियो वायरल होने का मामला प्रकाश में आया है। फेस बुक पर वायरल हुई वीडियो के चलते नगर पालिका सभासद ने दोषी जेई को तत्काल सस्पेंड करकर उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। साथ ही मांग पूरी न होने पर विद्युत उपखंड कार्यालय पर आमरण अनशन शुरू करने की चेतावनी दी।
बृहस्पतिवार को शाम के समय फेस बुक पर एक वीडियो वायरल हुई। इसमें खेकड़ा विद्युत निगम में तैनात एक जेई उपभोक्ता से हजारों रुपये की रिश्वत मांगते दिखाई दिया। वीडियो नगर बिजलीघर के अंदर की है। इसमें ओसीबी मशीन सहित अन्य उपकरण भी दिखाई दे रहे हैं। नगर पालिका के सभासद सुधीर धामा एडवोकेट का कहना है कि उक्त जेई बेहद भ्रष्ट अधिकारी है और उपभोक्ताओं से आए दिन अवैध वसूली में लिप्त रहता है। सभासद ने कहा यदि सात दिन में आरोपी उक्त जेई को वरिष्ठ अधिकारी बर्खास्त नहीं करते तो वह सभासदों और नगर वासियों के साथ उग्र आंदोलन करेंगे। विद्युत उपखंड कार्यालय के सामने आमरण अनशन शुरू होगा। फिलहाल फेसबुक पर वायरल वीडियो क्षेत्र भर में चर्चा का विषय बना है। इस संबंध में विद्युत निगम के एसडीओ डीपी सिंह का कहना है कि वह वीडियो को देखकर ही किसी निष्कर्ष पर पहुंचेंगे। यदि उनका कोई अधिकारी किसी अवैध कार्य में संलिप्त पाया जाता है तो उसके खिलाफ कड़ी विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
अवर अभियंता ने खेकड़ा थाने में दी तहरीर
अधीक्षण अभियंता रामबीर सिंह ने बताया कि खेकड़ा में सभासद सुधीर धामा द्वारा अवर अभियंता मोहम्मद आसिफ के साथ मारपीट के मामले में थाने में तहरीर दें दी गई है। आरोपी के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करने की अवर अभियंता ने मांग की है।