पीलीभीत। दहेज में दो लाख रुपये और कार की मांग पूरी न होने पर ससुराल वालों ने विवाहिता से मारपीट कर उसको जहरीली दवा खिलाने का प्रयास किया। किसी तरह पीड़िता ससुरालियों के चंगुल से छूटकर अपने घर और आप बीती बताई। सुनगढ़ी पुलिस ने तहरीर के आधार पर पति व अन्य ससुराल वालों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज की है।
सुनगढ़ी थाना क्षेत्र के छतरी चौराहे की निवासी रनजीत कौर पुत्री स्व. इंद्रपाल सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी शादी छह फरवरी 2017 को खटीमा उत्तराखंड के वार्ड नंबर 20 के निवासी जसप्रीत सिंह सोहल से हुई थी। कुछ दिन बाद से ही ससुरालवालों ने दहेज में कार और दो लाख रुपये की मांग शुरू कर दी। इसके पूरा करने में जब मायके वालों ने असमर्थता जताई तो आरोपी प्रताड़ित करने लगे। आए दिन मारपीट की जाने लगी। एक दिन पति ने जहरीली दवा खिलाने की कोशिश भी की। यही नहीं मायकेवालों को दबाव में लेने के लिए उसने फोन कर खुद ही इसकी जानकारी दे डाली। इसके अलावा भी तमाम तरह से प्रताड़ना दी। किसी तरह छह जून 2017 को पीड़िता अपनी जान बचाकर वहां से भाग आई। घर आकर परिवार के लोगों को बताया। जिसके बाद से परिजन लगातार सुलह का प्रयास करते रहे, लेकिन आरोपी नहीं माने। बिचौलिये से भी परिवार के लोगों ने पूरा दुखड़ा सुनाया, लेकिन वह भी कोई जवाब नहीं दे सका। जिसके बाद कानूनी कार्रवाई के लिए पुलिस को तहरीर दी गई। इंस्पेक्टर सुनगढ़ी सत्यप्रकाश सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर पति जसप्रीत सिंह सोहल, ससुर गुरदेव सिंह, सास मंजीत कौर, ननद रमनीक कौर, रिश्ता कराने वाला नानकमत्ता उत्तराखंड बलदेव सिंह के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।