कोतवाली पुलिस ने मौका मुआयना कर जुटाई जानकारी, कार्रवाई को मांगी तहरीर
पीलीभीत। पुलिस को चुनौती देते हुए एक बार फिर चोरों ने बेखौफ होकर वारदात को अंजाम दिया और आसानी से फरार हो गए। निशाने पर रही शहर के सिविल लाइन नार्थ इलाके की पिंक सिटी कॉलोनी। वहां के तीन बंद मकानों के ताले तोड़कर घुसे चोर पांच परिवारों का नकदी-जेवरात समेट ले गए। इसकी सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस ने मौका मुआयना कर जानकारी जुटाई। एक साथ तीन मकानों में हुई चोरी की वारदात से कॉलोनी में हड़कंप मचा रहा।
कोतवाली क्षेत्र के पिंक सिटी कॉलोनी निवासी मोहम्मद परवेज की अमरिया कस्बे में इलेक्ट्रिशियन की दुकान है। रविवार को वह मकान को ताला लगाकर परिवार के साथ अपने गांव उदयपुर गए थे। इस बीच ताले तोड़कर घुसे चोरों ने कमरों का सामान खंगाल दिया। यहां से चोर 68 हजार रुपये, छह तोला सोने के जेवरात समेट ले गए। किराएदार खाद व्यापारी मोहम्मद आरिफ के बंद कमरे का ताला तोड़कर आलमारी में रखे 50 हजार रुपये, डेढ़ तोला सोने के जेवरात ले गए। वहीं पड़ोस के निवासी उवैत के बंद मकान में भी इसी तरह चोर प्रवेश कर गए। जिसके बाद सोने के जेवरात व पांच हजार रुपये उनके किरायेदार जुबैर के कमरे का भी ताला तोड़कर खंगाला। हालांकि कोई कीमती सामान न होने पर कुछ खास नहीं ले जा सके। इसके अलावा कुछ दूरी पर स्थित रेडीमेड कपड़ों के व्यापारी मोहम्मद खालिद के बंद मकान से भी नकदी-जेवरात पर हाथ साफ किया गया। खालिद परिवार के साथ मुरादाबाद गए हुए हैं। सोमवार सुबह परवेज व अन्य पीड़ितों के वापस घर पहुंचने पर घटना की जानकारी हुई तो शोर मच गया। कॉलोनी के काफी लोग जमा हो गए। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंचे प्रभारी निरीक्षक केपी सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जानकारी जुटाई। पीड़ितों से बातचीत कर जल्द खुलासा का आश्वासन दिया। कानूनी कार्रवाई के लिए सभी से तहरीर मांगी गई है।
...तो कई गैंग है सक्रिय
चोरी की वारदात लगातार अंजाम दी जा रही है। कोतवाली, सुनगढ़ी और पूरनपुर पुलिस कई गिरोह पकड़कर जेल भी भेज चुकी है। इसके बावजूद घटनाओं की रोकथाम नहीं हो सकी है। ऐसे में यह कहना गलत नहीं होगा कि जिले में चोरी करने वाले कई गिरोह सक्रिय हैं।
लापरवाही मिली तो होगी कार्रवाई: एसपी
एसपी बालेंदु भूषण सिंह ने बताया कि मामले में डायल 100 और चौकी पुलिस के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। रात्रि गश्त को लेकर कहीं पर भी अगर लापरवाही मिलती है, तो पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई होगी। कोतवाल को रिपोर्ट दर्ज कर जल्द खुलासे के निर्देश दिए हैं।