कॉलेज प्रबंधक समेत दो पर छेड़छाड़ की रिपोर्ट दर्ज
जहानाबाद (पीलीभीत)। शिक्षिका पर यौन शोषण का दबाव बनाने के आरोप में फंसे जीएम इंटर कॉलेज अमखिड़िया के प्रबंधक अकील अहमद मंसूरी पर कानूनी शिकंजा कसा गया है। तहरीर दिए जाने के चार दिन बाद जहानाबाद पुलिस ने मामले में प्रबंधक व उसके साथी के खिलाफ छेड़छाड़, अमानत में खयानत और धमकाने की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है।
नवाबगंज (बरेली) की निवासी एक महिला ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह और उसके पति जीएम इंटर कॉलेज अमखिड़िया में तैनात थे। आरोप है कि कॉलेज प्रबंधक अकील अहमद मंसूरी और उनके मित्र वीपी सिंह विद्यालय परिसर में नशे की हालत में आकर पीड़िता को अपने कार्यालय में बुलाकर यौन शोषण का दबाव बनाते थे। इससे परेशान होकर पीड़ित दंपति ने शिकायत से चार दिन पूर्व कॉलेज जाना बंद कर दिया। इस दौरान तय की गई तनख्वाह में भी नामनात्र रुपये दिए गए। इसका विरोध किया तो झूठे मुकदमें में फंसाने की धमकी दी जाती रही। उधर, कॉलेज प्रबंधक खुद पर लगाए गए आरोपों को निराधार बताते रहे। उनका कहना था कि तनख्वाह के बकाए को लेकर आरोप लगाए गए हैं। इस मामले को तीन दिन पुलिस जांच के नाम पर टालती रही। बाद में अब कार्रवाई की गई है। थानाध्यक्ष एसके सिंह ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
मेरे ऊपर लगाए गए आरोप झूठे: प्रबंधक
मेेेरे ऊपर यौन शोषण का दबाव बनाने के लगाए गए आरोप गलत हैं। महिला व उसका पति हमारे कॉलेज में नौकरी करता था। महिला पर कॉलेज प्रबंधन का करीब तीस हजार रुपया बकाया है। यह रुपया महिला नहीं दे रही है। इसी के चलते झूठी शिकायत कर रिपोर्ट दर्ज करा दी गई है। इसके प्रमाण भी हमारे पास हैं।
अकील अहमद मंसूरी, आरोपी कॉलेज प्रबंधक