मझोला (पीलीभीत)। टनकपुर हाईवे पर पोलीगंज के पास रांग साइड से आ रही रोडवेज बस ने बाइक सवार दंपति और आठ साल के बेटे का कुचल दिया। तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। मौके पर मौजूद लोग घटना को देखकर सिहर उठे। लोगों ने जब तक चालक को पकड़ने की कोशिश की वह बस छोड़कर भाग चुका था। तीनों लोग नानकमत्ता साहिब गुरुद्वारा से दर्शन करके लौट रहे थे। मामला उत्तराखंड सीमा से सटा होने के कारण न्यूरिया और खटीमा थानों की फोर्स पहुंच गई, शव के पोस्टमार्टम की कार्रवाई खटीमा पुलिस कराएगी।
गजरौला थाना क्षेत्र के गांव रिछौला निवासी 36 वर्षीय जगजीत सिंह रविवार सुबह अमावस्या के मौके पर उत्तराखंड के नानकमत्ता सहिब गुरुद्वारा दर्शन करने बाइक से गए। उनके साथ पत्नी चरनजीत कौर (33) और आठ साल का बेटा गुरतेज भी था। इसके अलावा गांव के कई अन्य लोग भी अपने-अपने वाहनों से गए थे। नानकमत्ता साहिब में दर्शन करने के बाद तीनों बाइक से वापस घर आ रहे थे। टनकपुर हाईवे पर पोलीगंज के पास पहुंचते ही सामने से आ रही पीलीभीत डिपो की रोडवेज बस ने बाइक को टक्कर मार दी। एसएचओ न्यूरिया जसपाल सिंह ग्वाल ने बताया कि खटीमा पुलिस शव को साथ ले गई है।
000
मम्मी, पापा और भाई की मौत पर बेसुध है बेटी
जगजीत सिंह, पत्नी और छोटे बेटे की हादसे में मौत के बाद उनकी 14 वर्षीय बेटी डिंपल ही बची है। हादसे की खबर के बाद परिवार के बाकी लोग अकेली बची बच्ची को ढांढस बंधाने में लगे हैं। जगजीत गुजरात की एक फैक्ट्री में काम करते थे, वह 15 दिन के बाद पहले ही घर लौटे थे। उनके पिता रिछौला निवासी सेवा सिंह स्थानीय गुरुद्वारा में ग्रंथी है।