खेकड़ा (बागपत)।
नगर के छोटा बाजार में सक्रिय चोरों ने दो दुकानों के ताले तोड़कर कपड़ा, कीमती दवाएं और तेंतीस हजार रुपये की नगदी चोरी की। चोरी की सूचना मिलने से व्यापारियों में खलबली मच गई। व्यापारियों ने नगर पुलिस चौकी में आक्रोश जताकर अविलंब चोरी का खुलासा कराने की मांग की।
नगर में सक्रिय चोरों ने बृहस्पतिवार की रात्रि में नगर के छोटा बाजार स्थित दो दुकानों को अपना निशाना बनाया। चोरों ने विकास की रेडीमेंट की दुकान एवं चिकित्सक अरुण की दुकान के ताले तोडे़। चोर रेडीमेंट की दुकान से पचास हजार रुपये से अधिक कीमत के कपडे़ एवं गल्ले में रखे आठ हजार रुपये आदि सामान चुराकर ले गए। इसके अलावा चिकित्सक अरुण कुमार के क्लीनिक से गल्ले में रखे पच्चीस हजार रुपये एवं कीमती दवाएं चोरी करके ले गए।
शुक्रवार की सुबह करीब सात बजे जब दोनों दुकानदारों ने अपनी दुकानें खोली तो दुकानों में सामान बिखरा था। साथ ही नगदी एवं सामान चोरी मिले। दुकानदार एकत्र होकर पुलिस चौकी पहुंचे। वहां उन्होंने आक्रोश जताकर कहा क्षेत्र में आए दिन चोरी की घटनाएं हो रही है। पुलिस उन पर अंकुश नहीं लगा पा रही है। दोनों दुकानदारों ने चोरों के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर लेकर जांच शुरू कर दी।