पूरनपुर। सेहरामऊ उत्तरी थाना क्षेत्र के गढ़वाखेड़ा गांव में देशी शराब की दुकान में केमिकल युक्त अवैध शराब की बिक्री की जा रही थी। बरेली से आई आबकारी विभाग की टीम ने छापा मारा, तो गड़बड़ी पकड़ी जा सकी। टीम ने 55 पेटी अवैध शराब, शराब बनाने के केमिकल, अल्कोहल मीटर समेत कई उपकरण भी बरामद किए। दुकान पर मिले सेल्समैन नगर के मोहल्ला बमनपुरी निवासी निहाल जायसवाल को टीम ने हिरासत में ले लिया। शराब की दुकान पर हुई कार्रवाई से हड़कंप मचा रहा।
लोकसभा चुनाव के नजदीक आते ही अवैध शराब के कारोबारियों पर सख्ती शुरू कर दी गई है। इसको लेकर शराब की लाइसेंसी दुकानों को लेकर मिल रही शिकायतों पर भी गंभीरता से कार्रवाई कराई जा रही है। एक दिन पूर्व गजरौला में ओवर रेट को लेकर छापा मारा गया था। इसके बाद बुधवार को बरेली से आबकारी निरीक्षक दिनेश चंद्र की अगुवाई में आई टीम ने सेहरामऊ उत्तरी थाना क्षेत्र के गढ़वाखेड़ा गांव में देशी शराब की दुकान में छापा मारा। कार्रवाई के दौरान सेहरामऊ उत्तरी थानाध्यक्ष उदयवीर सिंह भी पुलिस बल के साथ रहे। यहां पर शिकायतें मिली थी कि देशी शराब की आड़ में अवैध शराब की बिक्री की जा रही है। इस पर टीम ने अचानक छापा मारा। जिसके बाद अंडबोझी गांव की तरफ जाने वाले मार्ग पर स्थित देशी शराब की दुकान से में अवैध शराब का कारोबार होते पकड़ा। थानाध्यक्ष सेहरामऊ उत्तरी उदयवीर सिंह ने बताया कि मौके से 55 पेटी अवैध शराब, स्प्रिट, केरोमल, अल्कोहल मीटर समेत कई उपकरण बरामद किए गए हैं। सेल्समैन निहाल जायसवाल को हिरासत में लिया गया है। दुकान का ठेका उसके पिता सुनील जायसवाल के नाम पर है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।
कई अन्य गांवों में भी पनप रहा कारोबार
नगर के मोहल्ला बमनपुरी, कायस्थान, हबीबगंज के अलावा गांव सिरसा, चांटफिरोजपुर, भगवंतापुर, पताबोझी, खमरिया, रानीगंज, मुरादपुर, सुल्तानपुर गौटिया, बागर, पजाबा, सोंधा, मनहरिया, कुर्रैया, जगतियापुर, मढ़ाखुर्द, श्रीनगर, केसरियापुर, पटिहन, पिपरा, महादेव गांव मेें अवैध शराब का धंधा जोरों से चलता है। इस पर कोई कार्रवाई प्रशासन की तरफ से नहीं की जाती। सिर्फ आंकड़ेबाजी का खेल किया जाता है।