इसी निर्माणाधीन मकान से गिरकर हुई मजदूरों की मौत
- फोटो : अमर उजाला
पीलीभीत। निर्माणाधीन मकान में दीवार पर प्लास्टर करते वक्त 40 फुट ऊंचा छज्जा गिरने से बरेली के सेंथल निवासी 30 वर्षीय ठेकेदार मोहम्मद रफीक पुत्र मुन्ने और लालपुर उस्मानपुर गांव निवासी 25 वर्षीय मजदूर ख्वाज अहमद की मौत हो गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने दोनों शव कब्जे में लेकर जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिए हैं। हादसे की सूचना मृतकों के परिजनों को दे दी गई है। गजरौला कलां मुस्तकिल की प्रधान शाकिरा बेगम के बेटे कामिल खां का शहर के मोहल्ला भूरे खां में तिमंजिला मकान बन रहा है। जहां पिछले आठ माह से चल रहा है। रविवार को लेवर ठेकेदार मोहम्मद रफीक और मजदूर ख्वाज अहमद, नवाब अहमद व बाबू छज्जे पर चढ़कर प्लास्टर कर रहे थे। तभी अचानक छज्जा भर भराकर गिर गया। छज्जे के साथ ठेकेदार रफीक और मजदूर ख्वाज अहमद सड़क पर जा गिरे, जिससे गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को फौरन जिला अस्पताल ले जाया गया। वहां पहुंचने पर ख्वाज अहमद को मृत घोषित कर दिया गया। हालत गंभीर देखकर मोहम्मद रफीक की रैफर कर दिया गया। जहां से प्राइवेट अस्पताल ले जाते वक्त रास्ते में उसकी मौत हो गई। इसकी सूचना मिलने पर कोतवाल केपी सिंह मौके पर जा पहुंचे।
प्रधान के निर्माणाधीन मकान का छज्जा गिरने से हादसा हुआ है। उस वक्त मजदूर तिमंजिला पर प्लास्टर कर रहे थे। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए कब्जे में लिया गया है। मृतकों से परिजनों से बातचीत की गई है, जो भी तहरीर मिलती है, उसके आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
केपी सिंह, इंस्पेक्टर कोतवाली