पीलीभीत। शहर के आढ़ती से लिए गए धान के 14.82 लाख रुपए देने के बजाए बहेड़ी के राइस मिल स्वामी ने उसको पहले दो साल तक टरकाया फिर धमकी देकर भगा दिया। एसपी के आदेश पर सुनगढ़ी पुलिस ने तीन के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज की है।
सुनगढ़ी क्षेत्र के चूने वाली गली के रहने वाले आढ़ती राजीव अग्रवाल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उन्होंने वर्ष 2015 में अलग-अलग समय पर बहेड़ी (बरेली) के मार्डन राइस मिल स्वामी मुहम्मद आरिफ को 14,82,216 रुपये का धान बेचा था। इसमें ठेकेदार बलपुरा बहेड़ी निवासी जलीस अहमद और रिछा के कलीम भी शामिल थे। आरोप है कि दिए धान के लाखों रुपये छह महीने के भीतर चुकता करने की बात तीनों ने कही। निर्धारित समय के बाद भी जब रुपये नहीं दिए गए तो पीड़ित ने तकादा करना शुरू कर दिया। इस पर आरोपियों ने पहले कई महीनों तक टरकाया, बाद में फोन रिसीव करना बंद कर दिया। 30 जुलाई 2017 को वह मंडी समिति स्थित अपनी आढ़त पर बैठे हुए थे कि आरोपी वहां दिखाई दिए। तीनों को रोक अपने दिए धान के रुपये मांगे तो आरोपियों ने गाली गलौज कर धमकाना शुरू कर दिया। धान के रुपये देने से साफ इंकार कर जान से मारने की धमकी दी और चले गए। इसकी कई बार शिकायत के बाद भी पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। हताश पीड़ित ने एसपी कलानिधि नैथानी से दुखड़ा सुनाया, जिसके बाद कार्रवाई की गई है। एसएचओ सुनगढ़ी मुहम्मद कासिम ने बताया कि एसपी के आदेश पर बहेड़ी के राइस मिल स्वामी, ठेकेदार समेत तीन पर धोखाधड़ी की नामजद रिपोर्ट दर्ज की गई है।