पीलीभीत। किराना व्यापारी से तमंचे के बल पर नकदी और मोबाइल लूटने वाले बदमाशों का सुराग लगाने में पुलिस को सफलता नहीं मिल सकी है। सर्विलांस के अलावा लुटेरों के हुलिये के बारे में पुलिस ने पीड़ित से बातचीत कर जानकारी जुटाई। उधर अफसरों ने दो टीमों को लगाकर वारदात के जल्द खुलासे के निर्देश दिए हैं।
बल्लभ नगर कॉलोनी के निवासी रवि अग्रवाल की किराना मंडी में परचून की दुकान है। सोमवार देर शाम रोज की तरह दुकान बंद कर घर जा रहे थे। टनकपुर हाईवे पर मौर्य मार्केट के पास कॉलोनी के भीतर जा रही गली में बाइक मोड़ते ही तीन बदमाशों ने उनको ओवरटेक कर रोक लिया। एक बदमाश हेलमेट पहना हुआ था। इसके बाद तमंचा दिखाकर बदमाश 50 हजार रुपये, मोबाइल और दुकान के कागजात से भरा बैग लूटकर हाईवे की ओर भाग गए। देर रात पुलिस ने तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया। एएसपी रोहित मिश्रा, सीओ सिटी धर्म सिंह मार्छाल ने थाना पहुंचकर मामले की जानकारी की। जिसके बाद खुलासे के लिए सुनगढ़ी और स्वाट की दो टीमें को लगाया गया है। मंगलवार को पुलिस ने पीड़ित व्यापारी को बुलाकर बारीकी से घटना के बारे में जाना। बदमाशों की बाइक से लेकर उनके हुलिये को लेकर बातचीत की। उधर, शहर विधायक संजय सिंह गंगवार ने व्यापारी से घटना को जानने के बाद एसपी से बातचीत कर जल्द खुलासे को कहा। जिसमें एसपी ने लुटेरों की जल्द धरपकड़ का भरोसा दिलाया है। सीओ धर्म सिंह मार्छाल ने बताया कि सुरागरसी की जा रही है। पुराने अपराधियों को भी निशाने पर लिया गया है, जल्द सफल परिणाम सामने आएंगे।