पीलीभीत। बीसलपुर-पीलीभीत रोड पर सिमरा मोड़ के पास गन्ना लदी ट्रॉली में कार घुस गई। हादसे में कार सवार वारदाना व्यापारी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी और चालक घायल हो गए। बीसलपुर कोतवाली पुलिस ने हादसे की जानकारी जुटा व्यापारी के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
शहर के मोहल्ला दुर्गाप्रसाद निवासी 50 वर्षीय संजय अग्रवाल उर्फ संजू वारदाना व्यापारी थे। बृहस्पतिवार को वह मामा विकास के घर आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए शाहजहांपुर गए थे। देर रात कार में सवार होकर वह घर के लिए निकले। कार को ड्राइवर बरहा गांव निवासी 30 वर्षीय आनंद कुमार चला रहा था। इसके अलावा कार में व्यापारी की पत्नी 45 वर्षीय शालिनी भी बैठी थीं। बीसलपुर-पीलीभीत मार्ग पर सिमरा मोड़ के पास कार सड़क पर खड़ी गन्ना लदी ट्रॉली में घुस गई। हादसे में संजय अग्रवाल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पत्नी शालिनी और चालक आनंद घायल हो गए। आननफानन में दोनों घायलों को जिला अस्पताल लाया गया। जहां प्राथमिक इलाज के बाद हालत गंभीर होने पर शालिनी को एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, चालक जिला अस्पताल में इलाज कराकर परिवार वालों संग निकल गया। दूसरे दिन शुक्रवार सुबह बीसलपुर कोतवाली पुलिस ने परिवार वालों से हादसे की जानकारी की। जिसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद व्यापारी के परिवार में कोहराम मच गया है। मृतक के दो बेटे और एक बेटी है। हादसे की वजह को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं। कुछ लोग ट्रॉली सड़क पर खड़े होने की बात कहते हुए इसको हादसे का कारण बताते रहे। वहीं चालक के नशे में होने और तेज रफ्तार की भी चर्चाएं रही। इंस्पेक्टर बीसलपुर एसके उपाध्याय ने बताया कि अभी कोई तहरीर पुलिस को नहीं मिली है। अगर कोई शिकायत करता है, तो रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।