गोकशी मामले में एक आरोपी दबोचा, साथियों की तलाश
सर्विलांस टीम के साथ छापामारी में जुटी बिलसंडा पुलिस
गन्ने के खेत में गोवंशीय अवशेष मिलने का मामला
अमर उजाला ब्यूरो
पीलीभीत। गन्ने के खेत में मिले गोवंशीय अवशेष के बाद आरोपियों की धरपकड़ में जुटी सर्विलांस और बिलसंडा पुलिस की संयुक्त टीम ने एक शातिर को धर दबोचा। उससे पूछताछ के बाद कुछ नाम निकलकर आए है। जिनकी धरपकड़ के लिए लगातार छापामारी की जा रही है। अधिकारी जल्द खुलासे का दावा कर रहे हैं।
बिलसंडा थाना क्षेत्र के बेहटा गांव में शिवलाल के गन्ने के खेत में बृहस्पतिवार सुबह गोवंशीय पशुओं के अवशेष मिले थे। अज्ञात पर रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस आरोपियों का सुराग लगाने में जुटी है। वर्कआउट के लिए एसपी बालेंदु भूषण सिंह ने सर्विलांस टीम को भी जिम्मेदारी सौंपी थी। काफी सुरागरसी के बाद पुलिस ने एक शातिर गोकशी के कारोबारी को धर दबोचा है। उसको हिरासत में लेकर पुलिस ने पूछताछ की तो कुछ और नाम भी घटना में संलिप्त पाए गए हैं। अब उनकी धरपकड़ को टीम बनाकर छापामारी कराई जा रही है। थानाध्यक्ष बिलसंडा मनोज त्यागी ने बताया कि आरोपियों की धरपकड़ को दबिश जारी है, जल्द खुलासा किया जाएगा।