थाना मीरानपुर कटरा क्षेत्र के गांव कमलापुर में 25 वर्षीय ओवेंद्र राणा ने मंगलवार सुबह फांसी लगाकर जाने दे दी। उसका शव घर से बाहर चौपाल पर बने एक कमरे में कुंडे से गमछे के सहारे लटका पाया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया है।
गांव निवासी रामसरन के तीन बेटों में ओवेंद्र सबसे छोटा था। उसकी अभी पांच माह पहले कासगंज के सिकारा गांव निवासी अरविंद की बेटी सुजाता से शादी हुई थी। मंगलवार सुबह रामसरन दूसरे नंबर के बेटे शिवेंद्र के साथ खेत पर चले गए और बड़ा बेटा प्रेमचंद्र गाड़ी लेकर चला गया। इसके बाद ओवेंद्र मां रूपरानी से चौपाल पर जाने की बात कहकर निकल गया। लगभग एक घंटे बाद मां रूपरानी जानवरों का गोबर डालने के लिए गईं तो देखा कि चौपाल पर बने कमरे में कुंडे पर गमछे के सहारे वह लटक रहा था। परिवार के लोगों ने शव को उतारा। गांववालों की सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा गया है। आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है।