डंडिया भगत गांव में दो
पक्ष भिड़े, तलवारें चलीं
एक दूसरे पर लगाए हमला करने के आरोप, मचा हड़कंप
अमर उजाला ब्यूरो
बरखेड़ा/पीलीभीत।
पुरानी रंजिश के चलते बरखेड़ा के डंडिया भगत गांव निवासी पूरनलाल और जसपाल के परिवार वालों में शुक्रवार शाम सात बजे जमकर मारपीट हुई। गाली गलौज से शुरू हुए विवाद में तलवारें चल गईं। इसमें दोनों ओर से कई लोग घायल हो गए। पुलिस ने तहरीर मिलने पर क्रास रिपोर्ट दर्ज कर घायलों का मेडिकल कराया है। मामले की जांच कराई जा रही है।
पुलिस को दी तहरीर में डंडिया भगत गांव निवासी पूरनलाल ने बताया कि गांव के जसपाल कच्ची शराब का कारोबार करते हैं। इसकी पीड़ित ने पूर्व में शिकायत कर दी थी, जिसके बाद से दोनों के बीच रंजिश चली आ रही है। शुक्रवार शाम सात बजे वह घर पर थे। इस बीच पुरानी रंजिश के चलते आरोपी जसपाल, गोविंद और संतराम घर में घुस आए और गाली गलौज करने लगे। जसपाल ने गाली देने का विरोध करने पर तलवार से वार किया। जिसमें तलवार बाएं हाथ में लगने से वह घायल हो गए। घर पर मौजूद भाई चेतन ने बीच बचाव करने की कोशिश की तो उसको भी पीटकर लहूलुहान कर दिया। शोर मचाने पर आसपास के कई लोग जमा हो गए, जिसके बाद आरोपी धमकी देकर भाग गए। उधर दूसरे पक्ष से जसपाल ने पुलिस को तहरीर देकर गाली गलौज के बाद मारपीट और छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया। इसमें पूूरनलाल, चेतन कुमार, परमेश्वरी दयाल, मुनीष, हीरालाल को नामजद किया है। एसएचओ जयवीर सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर पर क्रास रिपोर्ट दर्ज कर दी गई है। मामले की जांच कराई जा रही है।