गजरौला (पीलीभीत)। असम हाईवे पर बेकाबू गति से दौड़ती प्राइवेट बस ने सामने से आई एक एक बाइक को रौंद दिया। इसमें बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई। जबकि उनका भतीजा गंभीर रूप से घायल हो गया। बाइक चालक हेलमेट लगाए था।
पूरनपुर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला ढका निवासी इसरार (30) पुत्र रमजानी सोमवार दोपहर करीब दो बजे अपने भतीजे जीशान (20) के साथ काम के सिलसिले में बाइक पर पीलीभीत एआरटीओ कार्यालय जा रहे थे। बाइक जीशान चला रहा था। वह हेलमेट पहने था। असम हाईवे पर गजरौला विद्युत उपकेंद्र के पास पहुंचने पर उनकी बाइक में सामने से आई प्राइवेट बस ने टक्कर मार दी। इस हादसे में दोनों बाइक सवार घायल हो गए। हादसे के बाद चालक बस छोड़कर मौके से फरार हो गया। राहगीरों की सूचना पर गजरौला पुलिस मौके पर जा पहुंची और घायलों को फौरन जिला अस्पताल भिजवा दिया। वहां डॉक्टर ने इसरार को मृत घोषित कर दिया। जबकि जीशान की हालत गंभीर है। हादसे की खबर मिलने पर परिवार वाले भी जिला अस्पताल पहुंच गए, जिससे कोहराम मचने लगा। इसरार के दो बच्चे छह वर्षीय बेटी इसरा और चार साल का बेटा ताजेब है। इंस्पेक्टर गजरौला बिरजाराम ने बताया कि बस को कब्जे में ले लिया है।