पीलीभीत। जंगल से बाहर बाघों की चहलकदमी थम नहीं रही है। शुक्रवार शाम जंगल से बाहर निकला एक बाघ जहानाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम रफात नगर गांव की सीमा पर पहुंच गया। जहां देर शाम बाघ ने 15 वर्षीय वाहिद खान पर हमला कर घायल कर दिया। वह अपने दो साथियों के साथ मस्जिद की ओर जा रहा था, जो बाल-बाल बच गए। चीख पुकान सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीण घायल को जहानाबाद प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। जहां से गभीर हालत में उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहीं वन विभाग मामले की तफ्तीश के बाद ही स्थित स्पष्ट करने की बात कह रहा है।
टाइगर रिजर्व से बाहर अमरिया तहसील क्षेत्र में लंबे समय से बाघों का कुनबा प्रवास किए हैं। यहां एक दर्जन गांव की सीमा में बाघ लगातार अपनी मौजूदगी दर्ज कराए है। शुक्रवार देर शाम जहानाबाद क्षेत्र के ग्राम रफात नगर की सीमा में बाघ जा पहुंचा। जहां देर शाम करीब 8 बजे गांव निवासी 15 वर्षीय वाहिद खान अपने दो अन्य साथी साबिर अंसारी व रफीक अंसारी के साथ पैदल गांव की बाहरी हिस्से में बनी मस्जिद में नमाज पढ़ने जा रहे थे। मस्जिद के निकट पहुंचते ही खेत से निकले बाघ ने उन पर हमलावर हो गया। बाघ के हमले में पंजा लगने से वाहिद हाथ गंभीर घायल हो गया। इसका पता लगने पर गांव में अफरा-तफरी मच गई। एकत्र हुए ग्रामीणों के शोर शराबा करने पर बाघ वहां निकल गया। वही आनन-फानन में ग्रामीण घायल को जहानाबाद स्वास्थ्य केंद्र लाए। जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत देखते हुए घायल को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
बाघ हमले की सूचना मिली है। शाही चौकी को मौके पर भेजा गया है। मौका मुआयना व जांच के बाद ही कुछ कह पाना संभव है। - देवेंद्र सिंह, वन दरोगा, वन विभाग