पीलीभीत। दवा लेने के लिए बुधवार दोपहर 12 बजे घर से निकली गर्भवती पुष्पा देवी रहस्यमय ढंग से लापता हो गई। तीन दिन बाद भी उसका कोई सुराग नहीं लग सका है। पिता से मिली तहरीर पर शुक्रवार शाम जहानाबाद पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
जहानाबाद क्षेत्र के ग्राम करैया नवादा निवासी बेचेलाल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी बेटी पुष्पा देवी (32) की शादी बहेड़ी (बरेली) के गौटिया गांव निवासी ढाकन सिंह से हुई थी। परिवार में आयोजित एक दावत में शामिल होने के लिए पुष्पा बीस दिसंबर को घर आई थी। दोपहर 12 बजे अपनी दवा लेने के लिए घर से निकली। इसके बाद से उसका कोई सुराग नहीं लग सका है। शाम तक वापस न आने पर परिवार वालों ने काफी खोजबीन की, लेकिन कोई पता नहीं लग सका। एसएचओ किरनपाल सिंह ने बताया कि पिता से मिली तहरीर पर महिला की गुमशुदगी दर्ज कर ली गई है।