बरखेड़ा/पीलीभीते। पशु बेंचकर घर जा रहे चाचा-भतीजों से बाइक सवार बदमाशों ने तमंचे के बल पर 61 हजार रुपये लूट लिए। विरोध करने पर बदमाशों ने चाचा-भतीजों की पिटाई कर घायल कर दिया। पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण कर पीड़ितों से जानकारी ली।
थाना क्षेत्र के गांव कुरैया फूटा कुआं निवासी 55 वर्षीय सुखलाल मौर्य अपने भतीजे 40 वर्षीय गोदनलाल और 38 वर्षीय नेमचंद्र के साथ बरेली के क्योलड़िया में भैंस बेचने गए थे। दोपहर बाद तीनों भैंस बेचकर मैजिक से बरखेड़ा पहुंचे। इसके बाद तीनों पैदल गांव की ओर चल दिए। गुलहड़ा बरगदा के निकट माइनर की पुलिया पर पहुंचने पर पीछे से एक बाइक पर आए तीन बदमाशों ने उन्हें तमंचा दिखाकर घेर लिया और भैंस बिक्री के 61 हजार रुपये लूट लिए। विरोध करने पर तमंचे की बट और डंडे से तीनों की पिटाई की जिससे वह घायल हो गए। इसमें सुखलाल को सर्वाधिक चोट लगी है। बदमाशों ने गोदनलाल का मोबाइल भी छीनकर खेत में कहीं फेंक दिया ताकि पुलिस को सूचना न कर सकें। लूटने के बाद बदमाश बरखेड़ा की ओर वापस लौट गए। तीनों पीड़ित पैदल चलकर थाने पहुंचे और पुलिस को घटना की जानकारी दी। शाम चार बजे हुई लूट से पुलिस के होश उड़ गए। कोतवाल राजेश कुमार मौर्य ने पीड़ित को साथ ले जाकर घटना स्थल का निरीक्षण किया। इस बीच सीओ बीसलपुर प्रवीण मलिक भी थाने पहुंच गए। उन्होंने भी पीड़ितों से घटना स्थल की जानकारी ली। कोतवाल राजेश कुमार मौर्य ने बताया कि भैंस भेजकर आ रहे लोगों से लूटपाट हुई है। घटना स्थल का निरीक्षण कर लुटेरों की सुरागकशी कराई जा रही है। घटना रिपोर्ट दर्ज कर घटना के खुलासे के प्रयास किए जाएंगे।