27 पीबीटीपी 14,15
ट्रक की टक्कर से बाइक सवार मां-बेटे और भांजी की मौत
टनकपुर हाईवे पर औरैया मजार के पास हादसा
तीनों मृतक उत्तराखंड के खटीमा क्षेत्र के निवासी
अमर उजाला ब्यूरो
पीलीभीत। टनकपुर हाईवे पर न्यूरिया थाना क्षेत्र में औरैया मजार शरीफ के पास ट्रक की टक्कर से बाइक सवार मां-बेटे और भांजी की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर मौके से भाग निकला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीनों के शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया।
रुद्रपुर (उत्तराखंड) के खटीमा थाना क्षेत्र के नौसर गांव निवासी 30 वर्षीय अशोक कुमार पुत्र मोलई कुमार प्राइवेट शिक्षक थे। बृहस्पतिवार को वह अपनी मां 62 वर्षीय पार्वती देवी को दवा दिलाने के लिए बाइक से पीलीभीत आए थे। उनके साथ उनकी भांजी 25 वर्षीय गिधौर (खटीमा) निवासी मन्नी पुत्री हरिश्चंद्र भी थी। शाम को तीनों लोग एक ही बाइक पर सवार होकर घर के लिए निकले। अशोक कुमार हेलमेट लगाए हुए थे तो दोनों महिलाओं के पास हेलमेट नहीं था। टनकपुर हाईवे पर औरैया मजार के पास पहुंचते ही सामने से आ रहे ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। इसके बाद पार्वती और मन्नी उछलकर पास की खाई में जा गिरे जबकि अशोक कुमार ट्रक की चपेट में आ गए। यह देख चालक ट्रक लेकर भाग गया। हादसे के बाद काफी ग्रामीण जमा हो गए और खाई में गिरी महिलाओं को बाहर निकाला। इसकी सूचना मिलने पर न्यूरिया थानाध्यक्ष एसके उपाध्याय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। आननफानन में तीनों को इलाज के लिए जिला अस्पताल लाया गया, वहां चिकित्सकों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। जेब से मिले एक दवा के पर्चे के जरिये शिनाख्त कर पुलिस ने परिवारवालों को बुलाया। अशोक के भाई राममिलन ने शवों की पहचान की। इसके बाद परिवार में चीखपुकार मच गई। सीओ सदर योगेंद्र सिंह ने बताया कि शवों का पोस्टमार्टम कराने की कार्रवाई की जा रही है। परिवार के लोगों से तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। टनकपुर हाईवे पर एक ट्रक खड़ा मिलने की सूचना मिली है। इसको लेकर बताया जा रहा है कि ये हादसा करने वाला ही ट्रक है। पुलिस की एक टीम को इसकी जांच के लिए भेजा गया है।