बरखेड़ा (पीलीभीत)। दूध गर्म करते वक्त चूल्हे से निकली चिंगारी से मजदूर के छप्पर में आग लग गई। आग पर काबू किया जाता, इससे पहले ही पड़ोसी के छप्पर को भी आग ने चपेट में ले लिया। शोर पर ग्रामीण जमा हुए और एकजुट होकर आग पर काबू किया। हालांकि, तब तक एक बछड़े की मौत और दो गाय झुलस गईं। इसके अलावा नकदी समेत हजारों का सामान जलकर राख हो गया।
बरखेड़ा थाना क्षेत्र के पुरैना गांव निवासी रामकृष्ण खेती करते हैं। उनके मकान के आगे के हिस्से में छप्पर पड़ा है। शुक्रवार सुबह करीब दस बजे उनकी नौ साल की बेटी नीरज चूल्हे पर दूध गर्म कर रही थी। इस बीच चूल्हे से निकली चिंगारी से छप्पर में आग लग गई। बच्ची के शोर मचाने पर परिवार वाले आ गए। आग बुझाने की कोशिश की गई, लेकिन तेज हवा चलने के कारण आग भीषण हो गई और पड़ोसी सीताराम के छप्पर को भी चपेट में ले लिया। शोर सुनकर ग्रामीण जमा हो गए। जिसके बाद पानी और रेत की मदद से आग पर बमुश्किल काबू कर लिया गया। इसकी सूचना तहसील में दी गई। जिसके बाद लेखपाल सौरभ गंगवार टीम के साथ पहुुंचे और जानकारी जुटाई। किसान रामकृष्ण ने हादसे में 20 हजार रुपये, चारपाई, अनाज, कपड़े आदि जलने की बात कही। इसके अलावा एक बछड़े की जलकर मौत हो गई, जबकि दो गाय झुलस गईं। उधर, सीताराम ने भी 15 हजार का नुकसान बताया है। राजस्व टीम ने मौका मुआयना कर जानकारी जुटाई। नुकसान का आकलन कर जल्द मुआवजे दिलाने का भरोसा दिलाया है।
आग से डेढ़ लाख का नुकसान
बीसलपुर। गांव डंडिया भगत के एक ग्रामीण के खेत में आग लगने से गेहूं की फसल जल गई है, इसमें उसका लगभग डेढ़ लाख का नुकसान हो गया। गांव डंडिया भगत निवासी पंचमलाल ने बताया कि गुरुवार दोपहर उसके खेत में किसी तरह आग लग गई, इससे उसकी गेहूं की काफी फसल जल गई। पंचमलाल ने ग्रामीणों की मदद से पानी और मिट्टी डालकर बमुश्किल आग पर काबू पाया।