चेयरमैन पति और पुत्र पर मारपीट की रिपोर्ट दर्ज
सहकारी समिति चुनाव में नामांकन कराने पर हमले का आरोप
जहानाबाद पुलिस ने तहरीर मिलने पर दर्ज की रिपोर्ट
अमर उजाला ब्यूरो
जहानाबाद/पीलीभीत। मोहल्ला बाजार कटरा के निवासी धीरेंद्र कुमार ने नगर पंचायत जहानाबाद चेयरमैन पति और पुत्र पर मारपीट करने का आरोप लगाया। पीड़ित का कहना है कि पहले तो उन्होंने किसान सेवा सहकारी समिति के चुनाव में नामांकन न कराने का दबाव बनाया, इसके बाद नामांकन कराने पर पिटाई की और जान से मारने की धमकी दी। इन आरोपों में नगर पंचायत जहानाबाद के चेयरमैन पति व पुत्र के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
धीरेंद्र कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि बीस जनवरी को वह किसान सेवा सहकारी समिति जहानाबाद के चुनाव में अपना नामांकन दाखिल कराने के लिए जा रहे थे। आरोप है कि पहले नगर पंचायत अध्यक्ष पति दुर्गाचरन उर्फ अन्ना ने उन पर नामांकन न कराने का दबाव बनाया। इसके बावजूद उन्होंने नामांकन करा दिया। इसी बात से नाराज होकर आरोप है कि नगर पंचायत अध्यक्ष पति अन्ना और चेयरमैन पुत्र शिवा गुप्ता ने मारा पीटा। चीख पुकार सुनकर जब पीड़ित का बेटा प्रिंस बीच बचाव करने आया तो उसको भी मारपीट कर घायल कर दिया। पुलिस ने शाम को तहरीर मिलने पर मामले में दोनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।