पीलीभीत। जब ग्राम पंचायत की जमीन पर प्रधान ही कब्जा कर ले तो भला गांव का क्या होगा। ऐसा ही कुछ रम्पुरा मिश्र गांव में हुआ। प्रधान ने खलिहान की जमीन पर कब्जा कर पक्की दीवारें उठा ली और इसपर छप्पर डालकर कमरे बना लिए। इसकी शिकायत मिलने पर तहसीलदार ने टीम के साथ गांव पहुंचकर कराए गए निर्माण को ध्वस्त करा दिया।
ललौरीखेड़ा ब्लाक के गांव रम्पुरा मिश्र में इस समय देवनंदन प्रजापति प्रधान हैं। आरोप है कि प्रधान ने गांव के अंदर ग्राम समाज के खलिहान की जमीन पर कब्जा कर लिया था। इस जमीन पर ईंटों से पक्की दीवार बनाकर कमरे बनाकर सामान आदि रखना शुरू कर दिया। गांव के कुछ लोगों ने विरोध किया, लेकिन प्रधान ने उनकी नहीं सुनी। इसकी शिकायत पिछले दिनों तहसील दिवस में की गई। इस पर डीएम ने एसडीएम को कार्रवाई के निर्देश दिए थे। एसडीएम के निर्देश पर तहसीलदार विमल द्विवेदी टीम के साथ गांव पहुंचे। लेखपाल से जांच कराने पर निर्माण खलिहान में पाया गया। इस पर तहसीलदार ने अपनी मौजूदगी में छप्पर और दीवारें गिरवाकर निर्माण ध्वस्त करा दिया। तहसीलदार ने बताया को पुन: कब्जा न करने की चेतावनी भी दी गई है। यदि दोबारा कब्जे की शिकायत मिलती है तो प्रधान पर भी कार्रवाई की जाएगी। मामले की रिपोर्ट डीएम को भेज दी गई है। उधर प्रधान पर कार्रवाई से गांव में काफी चर्चा है और लोग चटकारे लेकर एक दूसरे से चर्चा करते नजर आ रहे हैं।